धर्म-कर्म
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में 85 पूर्व सैनिकों का सम्मान, देशभक्ति के रंग में रंगा मंदिर प्रांगण
एक शाम देश के वीर सपूतों के नाम: पूर्व सैनिकों के सम्मान में गूंजे देशभक्ति के तराने

उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित गिरिराज रतन कॉलोनी में चल रहे भगवान श्री राम दरबार एवं श्री गिरिराज जी मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान भक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन के तीसरे दिन ‘एक शाम देश के सच्चे वीर सपूतों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के 85 सेवानिवृत्त वीर योद्धाओं का अभूतपूर्व सम्मान किया गया।
श्री गिरिराज रतन सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक अपनी गणवेश (यूनिफॉर्म) में सीने पर मेडल सजाकर पहुंचे। समिति के राहुल ठाकुर, प्रतीक यादव, आनंद मेहता, बापू दा आंजना, महेंद्र डोडिया, चेतन ठाकुर व चेतन शर्मा सहित कॉलोनी के रहवासियों ने वीर योद्धाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। माहौल ऐसा था मानो वे आज ही युद्ध जीतकर लौटे हों।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में बच्चों ने गणेश वंदना, देशभक्ति नृत्य, लेजर शो और तलवारबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। वीर योद्धा नीलेश मनोहर ने “मेरे देश की धरती…”, डॉ. पिंकेश डफरिया व रविंद्रपाल सिंह जादौन ने “संदेशे आते हैं…” गाकर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं, सुभाष दुबेजी के गीत “ये देश है वीर जवानों का…” पर उपस्थित जनसमूह और पूर्व सैनिक देशभक्ति के जोश में झूम उठे। पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम’ के जयकारों से गूंज उठा।
तिरंगे से सजा मंदिर का शिखर
मंदिर के नवनिर्मित शिखरों पर धर्म ध्वजा के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा लहरा रहा था। प्रांगण को तिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजाया गया। आयोजन समिति ने संगठन के अध्यक्ष सूबेदार कमल सोनी, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार मोयल, कर्नल राजकुमार सिंह चौहान, कर्नल जी. व्यास, मेजर कविता चौधरी, ग्रुप कमांडर विष्णु दत्त शर्मा सहित 85 सैनिकों को दुपट्टा, मोतियों की माला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन हितेश रघुवंशी ने किया और समापन सहभोज के साथ हुआ। यह जानकारी राहुल ठाकुर ने दी।


