समाज संसार

फुले दंपति के नाम से घोषित राज्य पुरस्कार पुनः प्रारंभ करे सरकार: सुरेंद्र सांखला

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री और पिछड़ा वर्ग मंत्री को ज्ञापन सौंपने की कही बात; 6 वर्षों से लंबित है पुरस्कारों का वितरण

उज्जैन। भाजपा के वरिष्ठ नेता और अखिल भारतीय माली समाज विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र सांखला ने मांग की है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों को दिए जाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले तथा सावित्रीबाई फुले पिछड़ा वर्ग राज्य सेवा पुरस्कार पुनः प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों से प्रदेश में ये पुरस्कार नहीं दिए गए हैं, अतः इन्हें फिर से देने के लिए समाजसेवियों का चयन किया जाना चाहिए।
संपूर्ण पिछड़ा वर्ग करता है गर्व महसूस
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व के निर्णयों से केवल माली समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पिछड़ा वर्ग गर्व महसूस करता है। सरकार ने सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले एवं शिक्षा की देवी सावित्रीबाई फुले के नाम पर प्रदेश में अनेक प्रतिष्ठानों की घोषणा की है, लेकिन अब उनके नाम से घोषित राज्य पुरस्कारों को भी अविलंब पुनः शुरू किया जाना चाहिए।
रामजी महाजन पुरस्कार की परंपरा रहे अनवरत
भाजपा नेता ने बताया कि एक अन्य राज्य पुरस्कार ‘रामजी महाजन पिछड़ा वर्ग राज्य सेवा पुरस्कार’, जो कि पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में सामाजिक कार्य करने वाले समाजसेवियों को दिया जाने वाला राज्य का सबसे बड़ा पुरस्कार है, उसे भी प्रदान करने के लिए समाजसेवियों का चयन होना चाहिए। इस गौरवशाली परंपरा को अनवरत रखने की महती आवश्यकता है।
शीघ्र सौंपा जाएगा ज्ञापन
सुरेंद्र सांखला ने बताया कि पुरस्कारों को पुनः प्रारंभ करने के संबंध में शीघ्र ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश के मुख्यमंत्री और पिछड़ा वर्ग मंत्री को ज्ञापन के माध्यम से औपचारिक मांग प्रस्तुत की जाएगी।

Related Articles

Back to top button