फूलपाती चल समारोह: 16 शृंगार कर शामिल हुईं अग्रवाल समाज की महिलाएं, क्षीरसागर से निकली यात्रा
क्षीरसागर से शुरू होकर गोला मंडी धर्मशाला में हुआ समापन; दो आयु वर्गों में हुई शृंगार प्रतियोगिता, विजेताओं को मिले पुरस्कार

उज्जैन | श्री अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में मंगलवार (10 मार्च) को शहर में ‘फूलपाती चल समारोह’ उल्लासपूर्ण माहौल में निकाला गया। क्षीरसागर उद्यान से शुरू हुए इस भव्य समारोह में अग्रवाल समाज की माताओं-बहनों ने पारंपरिक लहंगा-चुनरी और 16 शृंगार कर भारी उत्साह के साथ भाग लिया।
गोला मंडी में हुआ समापन, बंटी ठंडाई
शाम 5 बजे क्षीरसागर उद्यान से शुरू हुआ यह चल समारोह नए मार्ग क्षीर सागर, नई सड़क, कंठाल और तेलीवाड़ा होते हुए गोला मंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। समापन के पश्चात सभी उपस्थित जनों के लिए ठंडाई वितरण की व्यवस्था की गई थी।
दो वर्गों में हुई शृंगार प्रतियोगिता
आयोजन के दौरान 16 शृंगार प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 50 वर्ष से कम और 50 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित महिलाओं के लिए दो अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। पूर्ण साज-शृंगार के साथ शामिल हुईं महिलाओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक इनाम जीते।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मार्गदर्शक सरोज अग्रवाल ने दी। इस आयोजन को सफल बनाने में श्री अग्रवाल पंचायत न्यास के संरक्षण में महिला मंडल की अध्यक्ष ममता अग्रवाल, सचिव मीना गर्ग, कोषाध्यक्ष आभा गर्ग सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों और समाज की महिलाओं की अहम भूमिका रही।



