कंट्रोवर्शियल

फेरीवालों के समर्थन में उतरी यूथ कांग्रेस

एसपी ऑफिस घेराव की चेतावनी, नरसिंह घाट पर 127 दिनों से जारी है आंदोलन

उज्जैन। नरसिंह घाट पर पिछले 127 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे फेरीवालों और हाथ ठेला चालकों के आंदोलन को अब यूथ कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। उज्जैन जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने धरना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित फेरीवालों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी।

अर्पित यादव ने कहा कि हाल ही में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा गरीब फेरीवालों के साथ किया गया दुर्व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया कि यदि फेरीवालों की मांगें पूरी नहीं की गईं और बदसलूकी करने वाले दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यूथ कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर एसपी कार्यालय का घेराव करेगी।

नेशनल हॉकर फेडरेशन ने उठाया नियमों की अनदेखी का मुद्दा

इस अवसर पर नेशनल हॉकर फेडरेशन के संदर्भ में प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन भी चर्चा में रहा। एनएचएफ, जो देश भर के 1550 से अधिक यूनियनों का प्रतिनिधित्व करता है, ने उज्जैन में चल रही कार्रवाई को ‘स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014’ और 2016 के नियमों का उल्लंघन बताया है।

संघ का कहना है कि उज्जैन में बिना सर्वे, बिना वेंडिंग प्लान और टाउन वेंडिंग कमेटी की अनुशंसा के बिना फेरीवालों को उजाड़ा जा रहा है, जो गैर-कानूनी है। मांग की गई है कि फेरीवालों की बेदखली और जब्ती तुरंत रोकी जाए। वेंडिंग जोन का समयबद्ध विकास हो।

टाउन वेंडिंग कमेटी में वेंडर्स की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

यूथ कांग्रेस ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बेदखली के बजाय व्यवस्थापन और ‘पायलट प्रोजेक्ट’ के जरिए स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाए जाएं।

Related Articles

Back to top button