गपशप

बकाया किराया और कमीशन दिलाने की मांग: निजी वेयरहाउस ओनर्स एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उज्जैन और रतलाम के लंबित लाइसेंस जल्द नवीनीकृत करने की उठाई मांग; संपन्न हुई साधारण सभा

उज्जैन। मध्य प्रदेश निजी वेयरहाउस ओनर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने वेयरहाउस संचालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर रोशनकुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी. पी. भाईजी ने कलेक्टर को बिंदुवार समस्याएं बताते हुए अवगत कराया कि वर्ष 2024-25 के स्कंध का पिछले पांच माह का मासिक किराया बकाया है, जिसे शीघ्र दिलाया जाए। इसी तरह वर्ष 2025-26 के गेहूं उपार्जन में सेवा सहकारी संस्थाओं और निजी वेयरहाउस स्तरीय खरीदी केंद्रों की कमीशन राशि भी एक वर्ष से लंबित है, जिसका अविलंब भुगतान कराया जाए।
लाइसेंस नवीनीकरण और खरीदी केंद्रों की मांग
संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल स्तर पर वेयरहाउसों के लाइसेंस का नवीनीकरण लंबित है। वर्तमान में उज्जैन जिले में 10 और रतलाम जिले में 5 लाइसेंस की स्वीकृति रुकी हुई है। एसोसिएशन ने मांग की है कि इन्हें शीघ्र स्वीकृत किया जाए ताकि 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाले गेहूं उपार्जन के लिए जेवीएस योजना के तहत ऑफर दिए जा सकें और तौल केंद्र स्थापित हो सकें, जिससे किसानों को असुविधा न हो। इसके साथ ही वेयरहाउस स्तरीय खरीदी केंद्रों पर संचालकों को 13.50 पैसे प्रति क्विंटल कमीशन देने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक जगदीशचंद्र लड्डा, उपाध्यक्ष पंकज जैन, संयोजक गुड्डू नागोरी, मुकेश पाटीदार, दरबार सिंह सोलंकी, नारायण पाटीदार, उमंग जैन, ओमप्रकाश पाटीदार और राधेश्याम गेहलोत आदि उपस्थित रहे।
सुराणा पैलेस में आयोजित हुई साधारण सभा
ज्ञापन सौंपने से पूर्व एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक सुराणा पैलेस उज्जैन में संपन्न हुई। यह बैठक वरिष्ठ सदस्य अब्दुल कादर पटेल के मुख्य आतिथ्य और प्रदेश अध्यक्ष डी. पी. भाईजी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में संरक्षक जगदीशचंद्र लड्डा और मुकेश पाटीदार उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान श्री गणेश के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर दीपक धामारीकर, अखिलेश, धनीराम रायकवार, कय्यूम नागोरी और अखिलेश धबाई ने अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत भाषण राधेश्याम गेहलोत ने दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज जैन ने किया और आभार गुड्डू नागोरी ने माना। उक्त जानकारी एसोसिएशन के सचिव भीमसिंह पंवार ने दी।

Related Articles

Back to top button