भगवान आदिनाथ जन्म व दीक्षा कल्याणक महामहोत्सव पर 11 मार्च को निकलेगी विशाल मंगल रथयात्रा
युवक महासंघ द्वारा आयोजन, खाराकुआं से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा, बाद में होगी धर्मसभा

उज्जैन। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक युवक महासंघ उज्जैन इकाई द्वारा भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक एवं दीक्षा कल्याणक महामहोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार, 11 मार्च को विशाल मंगल रथयात्रा निकाली जाएगी।
महासंघ के रितेश खाबिया और शहर अध्यक्ष राहुल सर्राफ ने बताया कि 11 मार्च को रथयात्रा सुबह 8:30 बजे श्री सिद्ध चक्र आराधना केसरियानाथ तीर्थ खाराकुआं पेढ़ी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री विजय हीर सूरिश्वरजी बड़ा उपाश्रय खाराकुआं पहुंचेगी।
रथयात्रा के पश्चात विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। यह धर्मसभा गुरु नवरत्न कृपा प्राप्त युवा हृदय सम्राट आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरिश्वरजी महाराजा साहेब के शिष्य गणिवार्य श्री कीर्तिरत्नसागर म.सा. आदि ठाणा तथा साध्वी श्री प्रियदर्शनी की शिष्या हितदर्शन श्रीजी एवं चारूदर्शन श्रीजी आदि ठाणा की पावन निश्रा में संपन्न होगी।
आयोजकों ने बताया कि इस मंगल रथयात्रा के लाभार्थी लक्ष्मीदेवी अनूपकुमार अनिल कुमार पावेचा (श्री भैरव सिल्वर गोल्ड एंड डायमंड परिवार) हैं। धर्मसभा के पश्चात युवक महासंघ द्वारा सुबह 11:30 बजे से नईपेठ स्थित रंगमहल धर्मशाला में स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया जाएगा।



