धर्म-कर्म

भगवान एकलिंगनाथ मंदिर, गौशाला और गुरुकुल का भव्य भूमिपूजन 26 फरवरी 2026 को

नलवा में गूंजेंगे वेद मंत्र, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ होंगे मुख्य अतिथि; 151 जोड़े करेंगे एक साथ पूजन

उज्जैन (म.प्र.)। श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण विकास परिषद के तत्वावधान में बड़नगर रोड स्थित ग्राम नलवा (पंचक्रोशी पड़ाव-3) में भगवान श्री एकलिंगनाथ जी के भव्य मंदिर, गौशाला एवं गुरुकुल निर्माण का ऐतिहासिक भूमिपूजन समारोह 26 फरवरी 2026, गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में धर्म, सत्ता और समाज का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
प्रात: 7:30 बजे से शुरू होगा धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन समिति के अनुसार, फाल्गुन शुक्ल पक्ष दशमी के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे स्वल्पाहार से होगी। इसके पश्चात सुबह 8:00 बजे से 151 जोड़ों, एकल पुरुषों और मातृशक्ति द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन का अनुष्ठान आरंभ होगा। मुख्य अतिथियों द्वारा अभिजीत मुहूर्त में प्रात: 11:45 बजे से दोपहर 12:15 बजे के मध्य मुख्य भूमिपूजन संपन्न किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के बाद दोपहर 12:15 बजे से 2:00 बजे तक मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके समापन पर दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आगंतुकों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
सीएम और मेवाड़ राजघराने की रहेगी मौजूदगी
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम में उदयपुर (राजस्थान) के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या और उज्जैन नगर पालिक निगम सभापति कलावती यादव विशेष आमंत्रित अतिथियों के रूप में मंच साझा करेंगे।
संतों का मिलेगा सानिध्य
इस कार्य में कृष्णधाम (पाली) के महेंद्रानंद गिरि महाराज, राजेश्वरधाम (जोधपुर) के महंत दयाराम महाराज, जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेशानंद गिरि, भर्तृहरि गुफा के पीर रामनाथ महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा।
समाज के गणमान्य नागरिक होंगे शामिल
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष सुनील जोशी और संयोजक जितेंद्र प्रकाश भट्ट ने बताया कि इस अवसर पर उद्योगपति दीनबंधु त्रिवेदी, राहुल पटेल, जिला न्यायाधीश विरेंद्र जोशी, लक्ष्मीनारायण पंड्या, भावना बेन एस. मेहता और विनोद पांडे सहित समाज के कई वरिष्ठ जन और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

Related Articles

Back to top button