भगवान महावीर जयंती महोत्सव की तैयारियां शुरू, नितिन दोषी पुनः बने संयोजक
31 मार्च को मनेगा 1008 भगवान महावीर जयंती महोत्सव; ट्रस्ट कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, सभी संगठनों की जल्द होगी वृहद बैठक

उज्जैन। आगामी 31 मार्च को मनाए जाने वाले 1008 भगवान महावीर जयंती महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और इसकी तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में परंपरा के अनुरूप ट्रस्ट कमेटी के तत्वावधान में शीतल पांडे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ विधिवत मंगलाचरण के साथ हुआ।
बैठक के दौरान पूर्व संयोजक नितिन दोषी ने गत वर्ष के आय-व्यय का हिसाब सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सभी की सहमति से सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके पश्चात, वर्ष 2026 के आगामी महोत्सव के लिए नए संयोजक के मनोनयन की प्रक्रिया संपन्न की गई। ट्रस्ट के सचिव अनिल गंगवाल ने नितिन दोषी का नाम इस दायित्व के लिए प्रस्तावित किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन किया और नितिन जी को सर्वसम्मति से वर्ष 2026 के लिए संयोजक मनोनीत किया गया। मनोनयन के पश्चात समाजजनों ने नवीन संयोजक का आत्मीय सम्मान किया।
सभा में भगवान महावीर जयंती को इस वर्ष और अधिक भव्यता तथा उत्साह के साथ मनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी रूपरेखा तैयार करने के लिए समाज के सभी ट्रस्ट मंडलों, युवा संगठनों और महिला मंडलों के अध्यक्षों व सचिवों की जल्द ही एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, वात्सल्य भोज समिति के सभी आर्थिक सहयोगियों की भी एक विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। इस संपूर्ण सभा का सफल और सुचारू संचालन ट्रस्ट के सचिव अनिल गंगवाल ने किया।



