राजनीति

भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ युवा कांग्रेस का ‘चलो पंचायत’ अभियान शुरू; गांव-गांव जाकर खोलेंगे पोल

आम जनता से सीधा संवाद करेंगे और प्रदेश सरकार की 'जनविरोधी नीतियों' व 'अधूरे वादों' की हकीकत जनता के सामने रखेंगे

उज्जैन/घट्टिया। उज्जैन जिले की घट्टिया विधानसभा में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा अध्यक्ष शेरसिंह चौहान के नेतृत्व में “चलो पंचायत” अभियान का शंखनाद किया गया है। इस अभियान के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अब पंचायत-पंचायत और गांव-गांव जाकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे और प्रदेश सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ व ‘अधूरे वादों’ की हकीकत जनता के सामने रखेंगे।
‘वादा खिलाफी हर बार, जवाब दो भाजपा सरकार’
अभियान की शुरुआत के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा ने जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन कुर्सी मिलते ही सरकार उन वादों को भूल गई है। महिलाओं, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
युवा कांग्रेस ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे:
लाड़ली बहना योजना में छलावा: चुनाव से पहले महिलाओं को ₹3000 प्रति माह देने का वादा किया गया था, लेकिन हकीकत में केवल ₹1500 ही दिए जा रहे हैं। यह प्रदेश की बहनों के साथ सीधा धोखा है।
किसानों से वादाखिलाफी: किसानों को उनकी उपज (गेहूं और धान) का उचित समर्थन मूल्य दिलाने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ है। किसान यूरिया की कालाबाजारी से भी परेशान हैं।
बेरोजगारी की मार: ‘लाड़ली बहना’ के बाद ‘लाड़ले भाई’ को सिर्फ धोखा मिला है। प्रदेश में लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन भर्तियां लंबित हैं। रोजगार न मिलने से युवा हताश हैं।
जनता की आवाज को मजबूत करना है उद्देश्य
विधानसभा अध्यक्ष शेरसिंह चौहान ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में पहुंचेंगे। वहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा। अभियान से लोगों को जोड़ने के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर (9873010606) भी जारी किया गया है।
कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति:
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश सचिव नरेंद्र मालवीय, प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद पटेल, जिला उपाध्यक्ष प्रितेश शर्मा, युवराज सिंह ‘दीपू बना’, नितेश मालवीय, कमल चौधरी, विजय केवड़ा, राजेश चौहान, डॉक्टर प्रकाश सिंघल और जितेंद्र मालवीय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button