भारत विकास परिषद के त्रिदिवसीय दिव्यांग सहायता शिविर का शुभारंभ, 500 लोगों का हुआ पंजीयन
राष्ट्रीय संत उमेशनाथ महाराज के सानिध्य में महानंदानगर में आयोजन, अतिथियों ने किया उपकरणों का वितरण; 7 मार्च को होगा समापन

उज्जैन। भारत विकास परिषद महानगर उज्जैन द्वारा महानंदानगर कम्युनिटी हॉल में त्रिदिवसीय दिव्यांग सहायतार्थ शिविर का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय संत परम पूज्य उमेशनाथ जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। श्री भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में अब तक 500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश को अतिथियों द्वारा विभिन्न उपकरणों का वितरण किया गया।
जिला समन्वयक श्याम बंसल तथा कार्यक्रम संयोजक भगवान शर्मा और पराग काबरा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति कलावती यादव, अवंतिका विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर नितिन राणे, पर्यावरणविद श्याम माहेश्वरी और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर समन्वयक प्रकाश चित्तौड़ा ने की।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में इस आयोजन को ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना से प्रेरित बताते हुए इसे पीड़ित मानवता की सच्ची सेवा करार दिया। साथ ही, उन्होंने लोगों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस त्रिदिवसीय शिविर को सफल बनाने और व्यवस्थाएं संभालने में समाजसेवी सतीश पटेल की टीम सहित सुनील लावणगीकर, रवींद्र सोनी, ओम गुप्ता, ईश्वर पटेल, रवींद्र मूले, दिनेश महाजन, दीपक राजवानी, विजय सुराना, अभिषेक गोयल, विट्ठल नागर, अजय मिश्रा, चिराग शाह, राजेंद्र शाह, माया शर्मा, हीरामणी महाजन, संजीव आचार्य, संजय परमार, विक्रम चंद्रवंशी, सुनील माहेश्वरी, गोरधन, जितेंद्र मालवीय, राकेश सेंटर, रुचि चौहान, आनंद पुरोहित, आरती खरे, अनिल वैष्णव, राजा मजावदिया, संदीप पांडे और मुकेश लखवानी लगातार सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूजा चित्तौड़ा और तनु-रुद्रेश शर्मा ने किया, जबकि आभार पराग काबरा ने माना। इस त्रिदिवसीय सेवा शिविर का समापन 7 मार्च को होगा।



