भारत विकास परिषद में नई नियुक्तियां: घनश्याम पोरवाल प्रांतीय अध्यक्ष, विनोद काला महासचिव और उज्जैन के चिराग शाह बने वित्त सचिव
राष्ट्रीय और रीजनल स्तर पर भी मिली जिम्मेदारी

उज्जैन। भारत विकास परिषद, मध्य भारत पश्चिम प्रांत में वर्ष 2026-27 के लिए नवीन दायित्वों की घोषणा कर दी गई है। केंद्रीय एवं क्षेत्रीय नेतृत्व द्वारा मंदसौर के घनश्याम पोरवाल को प्रांतीय अध्यक्ष और विनोद काला को प्रांतीय महासचिव के पद पर पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, उज्जैन के चिराग शाह को प्रांत के वित्त सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।
केंद्रीय नेतृत्व ने परिषद के विस्तार और कार्यों को गति देने के लिए अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी मनोनयन किए हैं। उज्जैन के रविन्द्र सोनी को राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य ‘सेवा’ और सुनील लवंगीकर को रीजनल संगठन सचिव मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही, जावद के प्रदीप चौपड़ा को रीजनल संयोजक ‘संस्कार’ और संजय अग्रवाल को क्षेत्रीय संरक्षक का दायित्व सौंपा गया है। सभी नवीन दायित्वधारियों को परिषद के सदस्यों और इष्ट मित्रों ने बधाई प्रेषित की है।
सेवा और संस्कार के क्षेत्र में परिषद का उल्लेखनीय योगदान
वर्ष 1963 से देश भर में सेवा और संस्कार की गतिविधियां संचालित कर रही भारत विकास परिषद की वर्तमान में 1700 शाखाएं हैं, जिनसे 1 लाख से अधिक परिवार जुड़े हुए हैं। पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और पीड़ित मानवता की सेवा में यह संस्था लगातार कार्य कर रही है। बीते वर्ष संस्था ने कई बड़े कीर्तिमान स्थापित किए। पूरे प्रांत में 101 जोड़ी नेत्रदान करवाए गए, जिससे 202 नेत्रहीनों के जीवन में फिर से नया उजाला आया। प्रांत की 23 विभिन्न शाखाओं ने स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 15,000 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और ऑपरेशन करवाए। वहीं, शाखाओं के माध्यम से कुल 1200 यूनिट रक्तदान किया गया। ‘संस्कार’ प्रकल्प के तहत स्कूली गीत प्रतियोगिता, प्रश्न मंच और गुरु-शिष्य परंपरा को पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण की दिशा में स्वावलंबन शिविर लगाकर सिलाई मशीन वितरण और अन्य रोजगारोन्मुखी कार्य किए गए।
नवीन दायित्व मिलने पर प्रांत अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल, महासचिव विनोद काला और वित्त सचिव चिराग शाह ने मनोनयन के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी शाखाओं द्वारा निरंतर किए जा रहे जमीनी सेवा कार्यों के लिए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।



