भोपाल: स्पा से विला तक का सफर, देह व्यापार और धर्म परिवर्तन के आरोप में दो सगी बहनें और लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
* नौकरी का झांसा देकर फंसाया, नशा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का खेल

* कोर्ट में पेशी के दौरान पीड़िता के परिजनों का आरोपियों पर हमले का प्रयास
भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में देह व्यापार, दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस रैकेट को चलाने वाली दो सगी बहनों अमरीन उर्फ माहीरा, आफरीन और उनके साथी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवतियों को नौकरी और साथ रहने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया और फिर देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया।

झुग्गी से आलीशान विला तक का सफर
आरोपी बहनें पहले स्पा सेंटर में काम करती थीं। चंदन यादव के संपर्क में आने के बाद उन्होंने युवतियों को ब्लैकमेल कर देह व्यापार करवाना शुरू किया। इस काली कमाई से उन्होंने झुग्गी छोड़कर एक आलीशान विला खरीद लिया और लग्जरी लाइफ स्टाइल जीने लगीं।
केस 1: ब्यूटीशियन को बनाया शिकार
छत्तीसगढ़ निवासी 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 को एक होटल में जन्मदिन पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात आफरीन से हुई थी। दोस्ती बढ़ने पर वह अमरीन के घर शिफ्ट हो गई। अगस्त 2025 में अमरीन के लिव-इन पार्टनर चंदन यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

केस 2: वेटर युवती को फिक्स सैलरी का झांसा
दूसरी पीड़िता, जो शादियों में वेटर का काम करती थी, ने बताया कि 2025 में दीपावली पर उसकी मुलाकात अमरीन से हुई। अमरीन ने फिक्स इनकम वाली नौकरी का झांसा देकर उसे अपने घर रख लिया। पीड़िता का आरोप है कि अमरीन के कहने पर चंदन ने धर्म बदल लिया है, लेकिन नाम वही रखा है। चंदन उसे कम कपड़ों में पब ले जाता था और दूसरे पुरुषों से संबंध बनाने का दबाव बनाता था।
नशा, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव
पीड़िता ने आरोप लगाया कि नवंबर 2025 में गांधी नगर क्षेत्र में उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया गया। दिसंबर में उसे अहमदाबाद ले जाकर भी गलत काम किया गया। घर में चंदन के अलावा चानू और यासिर नामक युवकों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उस पर लगातार धर्म परिवर्तन और देह व्यापार का दबाव बनाया गया। डर के कारण जनवरी 2026 में वह भागकर रिश्तेदारों के पास चली गई।

पुलिस कार्रवाई
थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि दोनों युवतियों की शिकायत पर दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर चंदन, अमरीन और आफरीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ आक्रोशित परिजनों ने उन पर हमले की कोशिश भी की। पुलिस मामले की विस्तृत पूछताछ कर रही है।



