गपशप

महाकाल की नगरी में जुटेंगे 19 राज्यों के हास्य योगी, सजेगी ‘ठहाकों की पाठशाला’

हास्य योग केंद्र के रजत जयंती वर्ष पर 21 व 22 मार्च को होगा 'हंसो उज्जैन हंसो' सम्मेलन, देशभर के हास्य गुरुओं को मिलेगा 'हाईना 2025' अलंकरण

उज्जैन। हास्य योग केंद्र भारत के तत्वावधान में संस्था के रजत जयंती वर्ष पर महाकाल की धरा पर 19 प्रांतों के हास्य योगियों का जमघट लगने जा रहा है। दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हास्य योग गुरु जितेन कोही के सानिध्य में ‘हंसो उज्जैन हंसो- हंसता भारत -स्वच्छ भारत’ थीम पर दो दिवसीय भव्य एवं निःशुल्क हास्य योग सम्मेलन 21 और 22 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
हास्याचार्य स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास ने बताया कि मस्ती की इस पाठशाला का शुभारंभ 21 मार्च शनिवार शाम 6 बजे मध्य प्रदेश सामाजिक विज्ञान संस्थान के रामसखा गौतम ऑडिटोरियम में होगा। शुभारंभ सत्र में अतिथि के रूप में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव, डॉ. एस.एस. सलूजा और डॉ. विशाल हाडा उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर 19 राज्यों के हास्य योग गुरुओं को वर्ष 2025 के राष्ट्रीय पुरस्कार ‘हाईना 2025’ अलंकरण से नवाजा जाएगा।
विभिन्न हास्य क्रियाओं से मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
इस योगशाला में हास्य योग गुरु जितेन कोही द्वारा उत्तम स्वास्थ्य के लिए तितली हास्य, हास्य प्रणाम, बालमचलन हास्य, शाबाशी, शिकायत, प्रशंसा, तीर कमान, लस्सी, बेली और पंछी हास्य की योग क्रियाएं करवाई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान महाकाली और कंठाली ठहाकों की गूंज भी सुनाई देगी।
गंभीर बीमारियों से मुक्ति के बताए जाएंगे उपाय
आयोजन के दूसरे दिन 22 मार्च की सुबह 6 बजे से फ्रीगंज स्थित शहीद पार्क के अभिव्यक्ति मंच पर निःशुल्क हास्य योग शिविर लगेगा। शिविर में हास्य और योग का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इसके अंतर्गत हास्य योग के माध्यम से एक्यूप्रेशर बिंदुओं की जानकारी, हास्य योग इंजीनियरिंग और दिल के इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही दमा, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, माइग्रेन, टेंशन और डिप्रेशन जैसी बीमारियों से मुक्ति पाने के सरल उपाय भी सिखाए जाएंगे।
स्वस्थ संसार परिवार, विक्रम वाटिका परिवार, भारत विकास परिषद उज्जैन, प्रेस क्लब, विक्रमादित्य फ्रीगंज व्यापारी महासंघ और अभिव्यक्ति मंच द्वारा शहरवासियों से इस आयोजन में शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button