महाकाल के दरबार में पहुंची ‘अहिल्याबाई’ फेम भाग्यश्री न्हालवे
पति उदय कुंदप के साथ किया भगवान महाकाल का दुग्धाभिषेक : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन जी यादव के विकास कार्यों की सराहना की

उज्जैन। सोनी टीवी के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘पुण्यश्लोक अहिल्याबाई’ में महारानी अहिल्याबाई होलकर की भूमिका निभाने वाली मशहूर अभिनेत्री भाग्यश्री न्हालवे ने अपने पति उदय कुंदप के साथ भगवान महाकाल के दर्शन कर दुग्धाभिषेक किया। भाग्यश्री न्हालवे ने अभिनेता अजय देवगन के साथ ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ के अलावा ‘तुझ माझा ऑरेंज मैरेज’, ‘कुंकु टिकली आणि टैटू’ और ‘परफ्यूम’ जैसी प्रस्तुतियों में अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों के बीच एक खास पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की प्रशंसा
दर्शन के पश्चात अभिनेत्री ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजमाता अहिल्याबाई होलकर से प्रभावित होकर महिला सशक्तिकरण और लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाओं को निरंतर बढ़ावा दे रहे हैं। एक सनातन प्रहरी के रूप में तीर्थ नगरी में मंदिरों के पुनर्निर्माण, अंगारेश्वर नव निर्माण, महाकाल कॉरिडोर सहित प्रदेश के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों से वे अत्यंत प्रभावित हैं।
शॉल व श्रीफल से हुआ सम्मान
इन विकास कार्यों से प्रभावित होकर अभिनेत्री भाग्यश्री न्हालवे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिन की शुभकामनाएं उनके निवास पर पहुंचकर उनकी बड़ी बहन कलावती यादव और अभय यादव को दीं। इस अवसर पर कलावती यादव ने भाग्यश्री न्हालवे को शॉल व श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया और धारावाहिक में उनके द्वारा निभाए गए अहिल्याबाई होलकर के जीवंत किरदार की सराहना की। इस दौरान फाइन आर्ट्स आर्टिस्ट व जर्नलिस्ट संजय लश्करी भी साथ रहे।



