महाकाल मंदिर में गार्डों की बदसलूकी पर भड़की कांग्रेस, दी चेतावनी- सुधर जाएं, वरना हम सुधारेंगे
श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं, एजेंसी मालिकों और अधिकारियों की तय हो जिम्मेदारी

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अधीन काम कर रही सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ की जा रही बदसलूकी पर शहर कांग्रेस कमेटी ने कड़ा आक्रोश जताया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने खुली चेतावनी दी है कि यदि श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार का सिलसिला नहीं रुका, तो कांग्रेस स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा गार्डों का विरोध करेगी और उन्हें सबक सिखाएगी। भाटी ने कहा कि नागरिकों और समाचार पत्रों के माध्यम से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं। यह मंदिर समिति के वरिष्ठ अधिकारियों, सुपरवाइजरों और एजेंसी मालिकों की जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में श्रद्धालु के साथ बदसलूकी न हो।
वर्दी के अहंकार पर प्रहारः ब्लैक कमांडो जैसी ड्रेस हटाकर कुर्ता-पाजामा या धोती-कुर्ता लागू करने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने गार्डों के अभद्र व्यवहार का मुख्य कारण उनकी वर्दी को बताते हुए कहा कि ब्लैक कमांडो जैसी वर्दी पहनकर घूमने से इन सुरक्षाकर्मियों में अहंकार आ गया है। इसे देखते हुए शहर कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षाकर्मियों का ड्रेस कोड तत्काल बदलकर उन्हें कुर्ता-पाजामा या धोती-कुर्ता पहनाया जाए। इसके साथ ही, सभी सुरक्षाकर्मियों की वर्दी पर उनका नाम दर्शाने वाली नेमप्लेट स्पष्ट रूप से अनिवार्य की जाए और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा टेंडर की सभी शर्तों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि बाबा महाकाल के दरबार में दर्शनार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की गाली-गलौज या मारपीट को शहर कांग्रेस कमेटी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।


