महाराष्ट्र सांस्कृतिक मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित, दीपक तारे बने अध्यक्ष
दासनवमी उत्सव में हुआ दासबोध वाचन व प्रतिभाओं का सम्मान; 19 मार्च को गुड़ी पड़वा पर निकलेगी भव्य ’शौर्य यात्रा’

उज्जैन। महानंदा नगर एवं परिसर, उज्जैन के महाराष्ट्र सांस्कृतिक मंडल द्वारा दासनवमी के उपलक्ष्य में उत्सव और वार्षिक साधारण सभा का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के सदस्यों द्वारा दासबोध ग्रंथ के विधिवत पूजन और अध्यायों के वाचन से हुआ, जिसमें श्रीमती व्यास, श्रीमती उमरेकर, श्रीमती अर्चना हरणे, माधवी चंपक एवं ज्योति मेंदालकर आदि ने भाग लिया। इसके पश्चात महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन सदाशिव नायगांवकर ने किया, जिन्होंने बताया कि संस्था विगत 29 वर्षों से निरंतर सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। सभा में शिक्षा के क्षेत्र में पी.एच.डी. की उपाधि प्राप्त करने पर राजश्री राजेंद्र जोशी एवं डॉ. संगीता मनोज कार्लेकर का तथा समाज कार्य में सहयोग के लिए श्री कुलश्रेष्ठ भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल एवं श्री उपाध्याय गौशाला परिसर का संस्था द्वारा सम्मान किया गया। कोषाध्यक्ष द्वारा वार्षिक लेखा-प्रतिवेदन का वाचन भी किया गया।
हिंदू नववर्ष ’गुड़ी पड़वा’ के अवसर पर लोगों को एकत्रित करने के उद्देश्य से आगामी 19 मार्च 2026 को भव्य ’शौर्य यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया गया। वर्तमान कार्यकारिणी का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आगामी सत्र के लिए नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु प्रस्तावित नामों का वाचन किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। नवीन कार्यकारिणी में राघवेंद्र व्यास को संरक्षक, दीपक तारे को अध्यक्ष, राजश्री जोशी (महानंदा नगर) को उपाध्यक्ष, दीपक मेंदालकर को सचिव, मिलिंद लेले को सह-सचिव तथा आनंद चंपक को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रदीप जोशी, गौतम विपट, सदाशिव नायगांवकर, अनुकूल उमरेकर, वसंत देशपांडे, मयंक फंसळकर, प्रकाश रांगणेकर, हेमंत यवलेकर, प्रवीण बाहुलकर, शरद कुलकर्णी तथा महिला सदस्य के रूप में अर्चना हरणे, माधवी चंपक, ज्योति मेंदालकर और विनया लेले को सम्मिलित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित सचिव दीपक मेंदालकर द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।



