महाशिवरात्रि पर धरना स्थल पर बंटा 1 क्विंटल गाजर का हलवा और मोरधन की खिचड़ी
हाथ ठेला एवं फुटपाथ व्यापारी संघ ने गुरु बम-बम नाथ जी को समर्पित किया आयोजन, पथ विक्रेता कानून लागू करने की मांग दोहराई

उज्जैन। हाथ ठेला एवं फुटपाथ व्यापारी संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) द्वारा महाशिवरात्रि पर्व पर नरसिंह घाट चौराहा स्थित धरना स्थल पर विशाल फलाहारी भंडारे का आयोजन किया गया। बाल हनुमान मंदिर के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में दिनभर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
संघ के संजय सिंह चौहान ने बताया कि यह आयोजन सत्य सनातन महाकाल के परम भक्त श्री योगी बाबा बम-बम नाथ जी महाराज की स्मृति में उन्हें समर्पित किया गया। बाबा पूर्व में 101 क्विंटल हलवा बांटते थे, उन्हीं की प्रेरणा से यह प्रसादी वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से हुई। दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं को 1 क्विंटल गाजर का हलवा वितरित किया गया। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक 50 किलो मोरधन, 50 किलो आलू और 10 किलो मूंगफली दाने से तैयार फलाहारी खिचड़ी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर व्यापारियों ने भगवान महाकाल से पथ विक्रेता कानून 2014 को पूर्णतः लागू करने और नगर निगम की गुंडागर्दी (मोनू थनवार पर कार्यवाही) से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की।
आयोजन में अध्यक्ष कालूराम चौहान, महेश सक्सेना, सुरेश माली, अर्जुन कहार, बंटी प्रजापत, विजय जैन, रामकुमार सोनी, धर्मेंद्र लोधी, विजय जोशी, सुमित्रा सिंह चौहान, माया जाट सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।



