गपशप

महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने, ‘महिला उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ’ का शुभारंभ

25 मार्च को स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर में महिला स्टार्टअप्स करेंगी उत्पादों का प्रदर्शन  

उज्जैन। महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से उज्जैन इनक्यूबेशन सेंटर ने ‘महिला उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ’ की शुरुआत की है। इस प्रकोष्ठ का औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम 25 मार्च 2026 को दोपहर 2:00 बजे उज्जैन स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा।
मिलेगा सही मार्गदर्शन और मेंटरशिप
इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है, जहां महिलाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को सफल उद्यम में बदलने के लिए उचित मार्गदर्शन, मेंटरशिप और नए अवसर मिल सकें। यह प्रकोष्ठ महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें व्यवसाय की दुनिया में मजबूती से कदम रखने के लिए प्रेरित करने पर केंद्रित है। इस खास कार्यक्रम में कई महिला उद्यमी, मेंटर्स, उद्योग विशेषज्ञ और स्टार्टअप जगत से जुड़े लोग शामिल होंगे।
उत्पाद प्रदर्शन होगा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण महिला स्टार्टअप्स द्वारा किया जाने वाला प्रोडक्ट प्रदर्शन होगा। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए लोगों व सहयोगियों से जुड़ने का शानदार अवसर मिलेगा। साथ ही, कार्यक्रम में ज्ञानवर्धक सत्र, नेटवर्किंग के अवसर और अनुभवी मेंटर्स के साथ संवाद भी आयोजित किया जाएगा, जिससे महिलाओं को सीखने और आगे बढ़ने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
सफलता की ओर बढ़ेंगी महिलाएं
यूआईसी टीम के अनुसार, इस प्रकोष्ठ के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान किया जा रहा है। उनका उद्देश्य है कि महिलाएं पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने उद्यम की शुरुआत करें और सफलता के शिखर तक पहुंचें। उज्जैन इनक्यूबेशन सेंटर ने सभी इच्छुक महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स और संबंधित लोगों को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है।

Related Articles

Back to top button