मातृशक्ति का सम्मान: महिलाओं ने लिया अधिकारों के लिए सजग रहने का संकल्प, स्वरोजगार और कानूनी अधिकारों पर हुआ मंथन
आईटीसी 'मिशन सुनहरा कल' के तहत एफ्रो संस्था का आयोजन; विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने दी लाभकारी योजनाओं की जानकारी

उज्जैन. महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एफ्रो’ (AFPRO) संस्था द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और वित्तीय साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह में उपस्थित महिलाओं ने अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा किए और अपने अधिकारों के लिए लड़ने का संकल्प लिया।
विभागीय योजनाओं से मिलेगी आर्थिक आजादी
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रतिनिधि ज्योति मैडम ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने वाली विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और जीवन स्तर बेहतर बन सके। उद्यानिकी विभाग की ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी प्रवीना पवार और पूनम ठक्कर ने महिलाओं को विभिन्न उद्यानिकी योजनाओं से अवगत कराया। वहीं, कृषि विभाग से आईं कृषि विस्तार अधिकारी पुष्पलता डावर ने शासन की लाभकारी कृषि योजनाओं की जानकारी साझा की।
कानूनी अधिकार और सुरक्षा पर हुआ मार्गदर्शन
वन स्टॉप सेंटर से आईं रचना शर्मा ने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, परामर्श और उन्हें मिलने वाली मुफ्त कानूनी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। ‘कार्ड’ संस्था की प्रतिनिधि अमृता चतुर्वेदी और मीनाक्षी तिवारी ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और रोजगारोन्मुखी योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति, उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुआ सम्मान
कार्यक्रम में भोपाल आईटीसी मुख्यालय से विशेष अतिथि के रूप में श्री प्रसाद देसकर शामिल हुए। एफ्रो संस्था के परियोजना संचालक नीरज होल्कर ने परियोजना की वर्तमान गतिविधियों और जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी साझा की। इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति पुरोहित और आईटीसी चौपाल सागर से राकेश पांडे भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बृजमोहन सांवले ने किया। अंत में एफ्रो टीम द्वारा सभी अतिथियों व मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया गया।



