पाठशाला

माधव विज्ञान महाविद्यालय में इको क्लब की गतिविधियों का समापन, ’मिलेट फेस्ट’ में विद्यार्थियों ने बिखेरे जायके

एप्को भोपाल और भारत सरकार के सहयोग से दिसंबर से फरवरी तक चलीं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, कार्यशालाओं और प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

उज्जैन। शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में सत्र 2025-26 के अंतर्गत इको क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को लेकर आयोजित तीन माह (दिसंबर 2025 से फरवरी 2026) के विशाल कार्यक्रम का 11 फरवरी को ’मिलेट फेस्ट’ के साथ भव्य समापन हुआ। ये सभी आयोजन एप्को भोपाल और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संपन्न हुए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास एवं इको क्लब संयोजक डॉ. मनमीत कौर मक्कड़ के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को कौशल विकास और पर्यावरण संवर्धन का पाठ पढ़ाया गया।
मशरूम उत्पादन और वर्मीकम्पोस्ट का प्रशिक्षण
छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से डॉ. जीवन सिंह सोलंकी के मार्गदर्शन में 18 से 24 दिसंबर तक मशरूम उत्पादन पर सात दिवसीय कार्यशाला हुई। वहीं, डॉ. हर्षद शर्मा के निर्देशन में तीन सप्ताह तक चले वर्मीकम्पोस्ट प्रशिक्षण में 50 विद्यार्थियों ने जैविक खाद बनाने की विधि सीखी। इको क्लब की ओर से प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन, लेटर पैड, कैप और बैज प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताओं और योग से युवा हुए जागरूक
6 से 9 जनवरी के मध्य पर्यावरण जागरूकता पर आधारित स्लोगन लेखन, क्विज, रंगोली, ’गमला सजाओ’ और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 12 जनवरी (युवा दिवस) पर डॉ. प्रमिला बघेल के मार्गदर्शन मे सुश्री अर्पिता अंजना द्वारा 60 विद्यार्थियों को योग का विशेष प्रशिक्षण दिया। इसके पूर्व 29 दिसंबर को ’वीर बाल दिवस’ भी मनाया गया।
मिलेट फेस्टः ’गरीबों का भोजन अब अमीरों की पसंद’
कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 11 फरवरी को भव्य ’मिलेट फेस्ट’ के साथ हुआ। मुख्य अतिथि स्कूल ऑफ स्टडी में माइक्रो बायोलॉजी एचओडी डॉ. अलका व्यास ने मोटे अनाज (मिलेट्स) के औषधीय और पोषण महत्व पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि “कभी गरीबों का भोजन कहा जाने वाला मोटा अनाज, आज स्वास्थ्य के प्रति जागरूक अमीरों की थाली का मुख्य हिस्सा बन गया है।“ मेले में विद्यार्थियों ने घर से बने मिलेट के स्वादिष्ट व्यंजन बेचे।
सक्रिय योगदान देने वाले प्राध्यापकों डॉ. शशि जोशी, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. हर्षद शर्मा और सुश्री उमा शर्मा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि जोशी ने किया, अतिथि परिचय डॉ. सरबजोत कौर मक्कड़ ने दिया और आभार डॉ. मनमीत कौर मक्कड़ ने माना। अंत में प्राचार्य डॉ. व्यास ने सभी को ’लाईफस्टाईल फॉर इन्वायरमेंट’ (लाईफ) की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र तिवारी, डॉ. मंगल, डॉ. स्वेता पोरवाल, डॉ. प्रमिला बघेल, डॉ. पुष्पा जाटवा, डॉ. सुचिता चांदोरकर, डॉ. नितिन पटेल, डॉ. साहू, डॉ. अमरीश गुप्ता, डॉ. मीना सोनी, डॉ. मेघा चौरे, डॉ. कोमल, डॉ. सुरभि एवं श्री राकेश पोरवाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button