माधव साइंस कॉलेज में ‘नारी शक्ति’ आशा मालवीय का सम्मान
जिन्हें मंजिल दिखाई देती है, उन्हें बाधाएं नजर नहीं आतीं – आशा मालवीय

उज्जैन। शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में नारी शक्ति की प्रतीक, सोशल साइकिलिस्ट, पर्वतारोही और एथलीट आशा मालवीय का सम्मान किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके अदम्य साहस की सराहना की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्तर की सोलो साइकिलिस्ट आशा मालवीय ने कहा कि जीवन में कई बाधाएं होने के बावजूद उन्होंने हमेशा अपने सपने और मंजिल को देखा। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “जिन्हें मंजिल दिखाई देती है, उन्हें बाधाएं नजर नहीं आतीं।”
आशा ने बताया कि बहुत कम उम्र में ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें देश के लिए कुछ करना है और वे उसी यात्रा पर निरंतर चल रही हैं। पश्चिम से पूर्व तक भारत को नापने का संकल्प लेकर निकलीं आशा राजस्थान और गुजरात होते हुए मध्यप्रदेश पहुंची हैं।
इस अवसर पर प्रो. शशि जोशी, अंकित गांधी, प्रियंका कटारिया, आशु शर्मा आदि ने भी उन्हें पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।



