लोकल गपशप
माधव सेवा न्यास भारत माता मंदिर में गणतंत्र दिवस पर किया झंडा वंदन
पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला

उज्जैन। माधव सेवा न्यास, भारत माता मंदिर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडा वंदन का गरिमामय कार्यक्रम श्रद्धा, राष्ट्रभाव और सांस्कृतिक चेतना के साथ संपन्न हुआ। 26 जनवरी प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुशील गुप्ता (एमबीबीएस), एस.एस. हॉस्पिटल उज्जैन के प्रथम नर्सिंगहोम संचालक रहे, उन्होंने अपने वक्तव्य में पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेष अतिथि के रूप में फ्रांस से पधारी बहन अलेक्जेंड्रा ब्रेट ने अपने प्रेरक वक्तव्य में कहा कि भारत केवल एक देश नहीं है, बल्कि एक संस्कृति, संस्कार और जीवन-दृष्टि है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता एकता में बंधी हुई है तथा अलग-अलग भाषाओं, वेश-भूषा और परंपराओं के बावजूद हर भारतीय के हृदय में भारत माता के प्रति समान प्रेम है।
उन्होंने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समानता और स्वतंत्रता प्रदान करता है तथा यह दिन हमें हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। माधव सेवा न्यास जैसे संस्थान सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से भारत की आत्मा को जीवंत रखते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही उनका जन्म भारत में नहीं हुआ हो, परंतु उनका हृदय भारत से जुड़ गया है।
न्यास के अध्यक्ष बलराज भट्ट ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत केवल अपने लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के कल्याण के लिए सोचता है। उन्होंने फ्रांस से पधारी बहन अलेक्जेंड्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि जो भी विदेशी नागरिक भारत आता है, वह भारत की संस्कृति, शांति और अपनत्व से प्रभावित होकर यहीं का हो जाता है। उन्होंने नागरिक कर्तव्यों के पालन, समय पर कर भुगतान, जल एवं बिजली की बचत तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संदेश दिया। डॉ. सुशील जी गुप्ता का स्वागत न्यास अध्यक्ष बलराज भट्ट द्वारा तथा बहन अलेक्जेंड्रा का स्वागत न्यास के कोषाध्यक्ष राजेश पाटीदार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें न्यास द्वारा संचालित माधव मलखंभ केंद्र के बालक बालिकाओं द्वारा मलखम्ब प्रदर्शन किया गया साथ ही लाठी प्रदर्शन एवं देशभक्ति एकल गीत की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर न्यास के सचिव नितिन गरुड़, न्यास कोषाध्यक्ष राजेश पाटीदार, न्यासी सदस्य प्रदीप पाण्डेय, अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बाहर से पधारे श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।



