समाज संसार

मारवाड़ी महिला सम्मेलन में प्रदेश को मिले 28 अवॉर्ड, इंदु गर्ग होंगी अगली राष्ट्रीय अध्यक्ष

​उज्जैन की तरु श्री मेहता और प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमारी बागड़ी सहित कई पदाधिकारी सम्मानित

​उज्जैन। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन का 22वां राष्ट्रीय अधिवेशन ‘हरित जगन्नाथ’ ओडिशा के बालेश्वर में संपन्न हुआ। यह अधिवेशन मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा, जिसमें प्रदेश की मातृशक्ति ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 28 पुरस्कार अपने नाम किए। इस दौरान वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजू सरावगी ने सत्र 2028-30 के लिए इंदौर की इंदु गर्ग को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया, जिस पर पूरे प्रदेश ने गौरव महसूस किया।
प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमारी बागड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिवेशन में मध्य प्रदेश की झोली में कई महत्वपूर्ण पुरस्कार आए। सर्वश्रेष्ठ बाल विकास कार्य हेतु राष्ट्रीय आंचल प्रमुख सुमन मूंदड़ा, राष्ट्रीय बाल विकास प्रमुख इंदु गर्ग और अंशु गुप्ता को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। श्रेष्ठतम अनुभवी प्रदेश के अवॉर्ड से प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमारी बागड़ी को सम्मानित किया गया। प्रांतीय बाल विकास प्रमुख सरिता खंडेलवाल (महू) को सर्वश्रेष्ठ बाल विकास रिपोर्टिंग हेतु राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। प्रांतीय पर्यावरण प्रमुख राजश्री जैन को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रेष्ठ पर्यावरण प्रमुख का अवॉर्ड मिला। देवास शाखा की किरण भार्गव को महिला सशक्तिकरण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
​प्रतियोगिताओं में उज्जैन और प्रदेश का नाम रोशन
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ​मां-बेटी प्रतियोगिता में उज्जैन की महानंदा नगर शाखा की तरु श्री मेहता और टिमरनी शाखा की निशा अग्रवाल (द्वितीय स्थान) को पुरस्कार मिला। ‘बुजुर्गों का विवाह अनिवार्य है’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता में खरगोन शाखा की रिंपल गोयल को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
​शाखाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी परचम
मध्य प्रदेश की पूर्वी क्षेत्र इंदौर, देवास और महू शाखा को संयुक्त रूप से अनुभवी सर्वश्रेष्ठ शाखा सम्मान मिला। गुना, खरगोन, ब्यावरा, खिरकिया और आष्टा शाखाओं को श्रेष्ठ शाखा अवॉर्ड प्रदान किया गया। बालेश्वर में आयोजित ‘धरा की धुन’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की टीम को प्रथम पुरस्कार मिला। महू शाखा द्वारा गोबर के गमलों में पौधे सजाने (प्लांट डेकोरेशन) के नवाचार के लिए हरित क्षेत्र महोत्सव में राष्ट्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार दिया गया।
​इस कार्यक्रम में 17 राज्यों से लगभग 550 महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें मध्य प्रदेश से 13 सदस्यों ने प्रत्यक्ष भागीदारी निभाई। नवनिर्वाचित होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष इंदु गर्ग और सभी विजेता पदाधिकारियों को प्रदेश भर की शाखाओं ने बधाई प्रेषित की है।

Related Articles

Back to top button