राजनीति

मार्गों की चौड़ाई कम करने, दोगुना मुआवजा देने की मांग: 9 मार्च को नगर निगम का घेराव करेगी कांग्रेस

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में हुई बैठक, चौड़ीकरण के नाम पर हो रही खुदाई के कारण पैदल चलना भी मुश्किल

उज्जैन। शहर कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भाटी ने कहा कि प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार जनविरोधी है और उसने आम जनमानस में चौड़ीकरण के नाम पर भय पैदा कर दिया है। शहर में चारों तरफ चौड़ीकरण के नाम पर हो रही खुदाई के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और इस प्रक्रिया में प्रभावित होने वाले लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पा रहा है।

कांग्रेस ने प्रमुख रूप से मांग की है कि प्रस्तावित मार्गों की चौड़ाई को कम किया जाए और प्रभावितों को बाजार मूल्य से दोगुना मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही पीपली नाका एवं एमआर 4 रोड पर चल रहे चौड़ीकरण से रहवासियों को राहत प्रदान की जाए। इन्हीं जनसमस्याओं और मांगों को लेकर आगामी 9 मार्च को प्रातः 10:00 बजे कांग्रेस पार्टी द्वारा नगर निगम का घेराव किया जाएगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने शहर के सभी पीड़ित नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे आमजन की इस लड़ाई में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

संगठन महासचिव अजय राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय, अर्पित दुबे, सपना सांखला, छोटे लाल मंडलोई, अनवर नागोरी, फिरोज पठान, चंद्रभान सिंह चंदेल, संचित शर्मा, रहीम लाला, वीरेंद्र गोसर, ओम रामी, सोनिया ठाकुर, कुलदीप जाट, पूर्णिमा पांडेय, उषा मालवीय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक शर्मा ने किया और आभार दीपेश जैन ने माना।

Related Articles

Back to top button