धर्म-कर्म

रामघाट स्थित खाटू श्याम मंदिर में सजेगा बाबा का दरबार, 27 को निकलेगी भव्य निशान यात्रा

तीन दिवसीय फाग महोत्सव 26 से; विकास कार्यों के चलते बदला मार्ग, गोपाल मंदिर से शुरू होगी यात्रा

उज्जैन। महाकाल की नगरी में सिद्ध आश्रम, रामघाट स्थित प्राचीन पारदेश्वर महादेव मंदिर परिसर के खाटू श्याम मंदिर में तीन दिवसीय फाग महोत्सव का उल्लास छाएगा। बाबा श्याम के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में 26 से 28 फरवरी तक निशान यात्रा, भजन संध्या और दादी मंगल पाठ सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
26 फरवरी से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन की शुरुआत गुरुवार, 26 फरवरी (दशमी) को सुबह 10:00 बजे होगी। पंडित राजेंद्र प्रसाद शर्मा द्वारा बाबा श्याम का दूध, दही, पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान को नए बागे (वस्त्र) धारण कराकर पुष्पों और सुगंधित इत्र से विशेष श्रृंगार कर आरती की जाएगी। इसी दिन दोपहर 2:00 बजे से महिला मंडल द्वारा दादी मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा।
गोपाल मंदिर से निकलेगी निशान यात्रा
फाग महोत्सव का मुख्य आकर्षण शुक्रवार, 27 फरवरी (आमलकी एकादशी) को निकलने वाली निशान यात्रा रहेगी। शहर में चल रहे विकास कार्यों के कारण इस वर्ष यात्रा के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। यात्रा सुबह 10:00 बजे गोपाल मंदिर से प्रारंभ होकर पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, सवारी मार्ग और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट स्थित प्राचीन पारदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। सुसज्जित रथ में बाबा श्याम विराजमान होंगे और डीजे व बैंड-बाजों की धुन पर श्याम प्रेमी हाथों में निशान (ध्वज) लेकर चलेंगे। मंदिर पहुंचने पर भक्त निशान अर्पित करेंगे और महाआरती के बाद भोजन प्रसादी होगी। शाम 6:00 बजे से मंदिर प्रांगण में अखंड ज्योत प्रज्वलित कर भव्य भजन संध्या और फाग उत्सव मनाया जाएगा।
भोग और समापन
महोत्सव का समापन शनिवार, 28 फरवरी को सुबह 9:30 बजे खीर-चूरमा के भोग और ज्योत दर्शन के साथ होगा। श्याम सेवा समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार पधारने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने में सरोज अग्रवाल, तरुण मित्तल, सुरेंद्र जोशी, सुनील अग्रवाल, राजेश सारडा, विजय गोयल, संतोष शर्मा, सुधा अग्रवाल, रेखा गोयल सहित समस्त श्याम सेवा समिति सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button