लोकल गपशप
राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का समापन
स्वयंसेविका नेहा दामीचा का राष्ट्रीय उत्कृष्ट स्वयंसेवक सम्मान हेतु चयन

उज्जैन। शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोद ग्राम लालपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के पूजन के साथ किया गया।
समापन समारोह में डॉ. शेखर मेडमवार (एनएसएस समन्वयक, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन) एवं डॉ. रश्मि भार्गव (प्रशासनिक अधिकारी, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत पुराणिक द्वारा की गई।
स्वागत भाषण एवं शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया कि यह सात दिवसीय विशेष शिविर केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं सामाजिक संवेदनशीलता का सजीव अनुभव बना। स्वयंसेवक छात्राओं ने आंगनबाड़ी एवं विद्यालय के बच्चों को कहानी, नाटक और संवाद के माध्यम से स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत साफ-सफाई एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
शिविर के अंतर्गत ग्राम सर्वेक्षण कर ग्राम की समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया तथा उनके समाधान हेतु छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित की गई।
शासकीय माधव नगर अस्पताल के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 ग्रामवासियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें एचआईवी, वी.डी.आर.एल., शुगर, एचबीएसएजी, टीबी एवं नेत्र परीक्षण शामिल रहे।
महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के अंतर्गत ग्राम की महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए एवं जागरूकता प्रदान की गई। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को तारामंडल भ्रमण कराया गया, जहाँ खगोल विज्ञान एवं सौरमंडल पर आधारित 3-डी प्रस्तुति दिखाई गई। साथ ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन में आयोजित “भारतीय गणतंत्र की उद्घोषक उज्जैनी” विषयक कार्यशाला में भी सभी स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
इस शिविर में नव संवत कॉलेज का विशेष सहयोग रहा। नव संवत कॉलेज के चेयरपर्सन श्री प्रफुल्ल जी, प्राचार्य डॉ. महेंद्र शर्मा एवं वाणिज्य संकाय के विभाग अध्यक्ष श्री नवीन साहू का मार्गदर्शन एवं सहयोग शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में अत्यंत सहायक रहा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. प्रशांत पुराणिक ने कहा—“राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्राएँ पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर समाज को समझना सीखती हैं। इस शिविर में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का प्रमाण है।”
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेविका वारिशा एवं संजना द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. कला मौर्य द्वारा किया गया।
शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें—
नेहा दामीचा,वारिशा कुरैशी ,किरण पटेल , अस्मिता सोलंकी, सलोनी बरोड, कुमकुम सागर , माया चौधरी , संजना को सम्मानित किया गया। एवं सभी शिवरात्रि स्वयंसेवकों को सर्टिफिकेट और पुरस्कार प्रदान किए गए, इसी के साथ महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविका नेहा दामीचा का चयन सम्राट विक्रमादित्य अवार्ड – उत्कृष्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक के लिए हुआ है, जो महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
समापन अवसर पर अतिथियों ने स्वयंसेवक छात्राओं के अनुशासन, आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता की सराहना की। पुरस्कार वितरण एवं आभार प्रदर्शन के साथ सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल समापन हुआ।



