पाठशाला

रासेयो के विशेष नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का समापन, शिक्षा के साथ पारंपरिक व्यवसाय सीखने पर जोर

विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपने पारंपरिक व्यवसाय को भी सीखने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया

उज्जैन। लोकमान्य तिलक विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय, उज्जैन की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का विशेष नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर ग्राम मंगरोला में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के प्रांतीय महामंत्री भारत सिंह बैस की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भारत सिंह बैस ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपने पारंपरिक व्यवसाय को भी सीखने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मंगरोला के सरपंच मुकेश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि ‘नित्य नियम’ संस्था के संस्थापक अभिलाष जैन मुख्य वक्ता रहे। सभी अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर किया गया।

लक्ष्य पर डटे रहने से मिलती है सफलता

मुख्य वक्ता अभिलाष जैन ने विद्यार्थियों को वर्तमान में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को करने में शुरुआत में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन जो व्यक्ति अपने लक्ष्य पर डटा रहता है, उसका मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है।

साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने समसामयिक विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। अधिवक्ता कुलदीप अरोड़ा ने बढ़ते साइबर क्राइम की विस्तार से जानकारी दी और डिजिटल दुनिया में सतर्क व सुरक्षित रहने के उपाय बताए। वहीं, दशहरा मैदान कन्या विद्यालय के मोहन सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के तहत सर्पों के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी। उन्होंने भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि सर्प प्रकृति के मित्र होते हैं, अतः हमें उन्हें मारने के बजाय उनकी रक्षा करनी चाहिए।

रक्तदान से लेकर नुक्कड़ नाटक तक, शिविर में हुईं विविध गतिविधियां

इस विशेष शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने कई रचनात्मक और सामाजिक सरोकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जन-जागरण के लिए रैली निकाली गई और रक्तदान (ब्लड डोनेशन) किया गया। इसके साथ ही गांव के स्कूल और आंगनवाड़ी में सर्वेक्षण कार्य भी पूरा किया गया। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए तथा देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्मृति जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेश त्रिपाठी ने सात दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों की सक्रिय और अनुशासित भागीदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर लोकमान्य तिलक सांस्कृतिक न्यास के अध्यक्ष किशोर खंडेलवाल और कार्यपालन अधिकारी गिरीश भालेराव ने भी शिविर की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

Related Articles

Back to top button