लाइनमैन को जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी, बलाई महासभा ने की एट्रोसिटी एक्ट में कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय बलाई महासभा ने अजाक्स थाने में दिया आवेदन, लाइनमैन के साथ अभद्रता करने वालों पर केस दर्ज करने की मांग

उज्जैन। गुनाई खालसा में पदस्थ लाइनमैन के साथ अभद्रता, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय बलाई महासभा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महासभा के जिला महामंत्री मनोज मालवीय कनीपुरा ने जानकारी देते हुए बताया कि लाइनमैन जितेंद्र मालवीय गुनाई खालसा में कार्यरत हैं। उनके साथ एक वर्ग विशेष के लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया, जिसमें उन्हें जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
इस घटना को लेकर अखिल भारतीय बलाई महासभा के जिला अध्यक्ष जगदीश मकवाना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन फ्रीगंज स्थित अजाक्स थाने पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार मालवीय, युवा संघ अध्यक्ष विशाल राठौड़, अजय सिरोंदिया, संतोष मालवीय, बलराम मालवीय, ओमप्रकाश सिरोदिया, रामलाल और मनीष परमार सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।


