लायंस रीजन कॉन्फ्रेंस “सहर्ष” 2026 रविवार को: मुख्य वक्ता रहेंगे पीएमजेएफ लायन टी.वी. श्रवण कुमार
रीजन चेयरपर्सन लायन डॉ. सत्येंद्र श्रीवास्तव की अगुवाई में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के 'स्वर्ण जयंती हॉल' में भव्य आयोजन

विशेष सेवा और प्रशासनिक कार्यों के लिए रीजन के उत्कृष्ट क्लब और व्यक्ति होंगे सम्मानित
उज्जैन। लायंस क्लब इंटरनेशनल के रीजन-01 के तत्वावधान में रीजन कॉन्फ्रेंस “सहर्ष” 2026 का गरिमामय आयोजन आगामी रविवार, 29 मार्च 2026 को कोठी रोड स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के ‘स्वर्ण जयंती हॉल’ में होने जा रहा है। रीजन चेयरपर्सन लायन डॉ. सत्येंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के मुख्य वक्ता पीएमजेएफ लायन टी.वी. श्रवण कुमार, एल.सी.आई.एफ. एरिया लीडर (मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 3233 एवं 3234) रहेंगे। सम्मेलन की मेजबानी लायंस क्लब उज्जैन डायमंड कर रहा है।
उत्कृष्ट कार्यों का होगा सम्मान
मीडिया प्रभारी दीपक राजवानी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस कॉन्फ्रेंस का प्रमुख उद्देश्य रीजन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्लबों और उनके सदस्यों के उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। सम्मेलन में उन क्लबों अथवा विशिष्ट व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने चालू सत्र के दौरान सेवा प्रकल्पों, प्रशासनिक क्षेत्र या किसी अन्य विशेष कार्य में असाधारण प्रदर्शन कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
गरिमामय उपस्थिति
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन प्रवीण वशिष्ठ (डिस्ट्रिक्ट 3233 जी 2) उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन महेश मालवीय, एमजेएफ लायन जयप्रकाश त्रिपाठी, द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन पंकज मारु और सम्राट विक्रमादित्य वि.वि. के कुलसचिव डॉ. अर्पण भारद्वाज शिरकत करेंगे। रीजन कॉन्फ्रेंस के लिए चेयरपर्सन एमजेएफ लायन संजय मित्तल, सचिव एमजेएफ लायन जे.पी. पंचारिया और कोषाध्यक्ष लायन अमित शुक्ला की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
आयोजन के लिए विभिन्न समितियां गठित
कॉन्फ्रेंस को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इनमें आशीर्वाद दाता, सलाहकार समिति, स्वागत समिति, रजिस्ट्रेशन समिति, स्वागत एवं तिलक समिति, किट वितरण समिति, आई.टी., कॉन्फ्रेंस व्यवस्था समिति, मंच व्यवस्था, पुरस्कार वितरण समिति, प्रोटोकॉल ऑफिसर, चिकित्सा सेवा समिति, बैनर प्रस्तुतीकरण, भोजन समिति, फोटो एल्बम, स्क्रैप बुक व पिन कलेक्शन, लक्की ड्रॉ और मीडिया प्रभारी शामिल हैं।
यह रहेगा कार्यक्रम
सम्मेलन का कार्यक्रम सुबह 9.30 बजे रजिस्ट्रेशन एवं अल्पाहार के साथ प्रारंभ होगा। इसके पश्चात 10.30 बजे कॉन्फ्रेंस का विधिवत शुभारंभ, 11.00 बजे सम्मान समारोह और 12.00 बजे बैनर प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। अंत में, दोपहर 2.30 बजे स्वरुचि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। रीजन चेयरपर्सन डॉ. श्रीवास्तव ने सभी क्लब पदाधिकारियों और सदस्यों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।



