गपशप
लिपिकवर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ का होली मिलन समारोह संपन्न
नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ स्वागत, स्वर्ण जयंती समारोह की तैयारियों पर हुई चर्चा

उज्जैन। म.प्र. लिपिकवर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ उज्जैन द्वारा संयुक्त नगरीय तहसील कार्यालय कोठी महल के परिसर में लिपिकवर्गीय साथियों का होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जिला उज्जैन के अध्यक्ष एम.एस. पटेल, उज्जैन नगर एसडीएम एल.एन. गर्ग, नायब तहसीलदार दर्यावसिंह भुर्रा, नायब तहसीलदार दुबेन्द्रसिंह गोयल और लिपिक संघ के पूर्व कार्यकारी प्रांताध्यक्ष देवेन्द्र व्यास के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
अतिथियों का स्वागत जिला शाखा अध्यक्ष चित्रेश वाघे और महिला विंग अध्यक्ष उज्जवला गज्जर द्वारा किया गया। संघ के जिला सचिव नवीन तेजनकर ने बताया कि समारोह में संघ की ओर से प्रांतीय कार्यकारिणी में मनोनीत हुए पदाधिकारी जी.एम. जाटवा, प्रवीण जोशी, सुनील चौहान और सतीश परमार का स्वागत किया गया। इस दौरान महिला विंग की कार्यकारी जिलाध्यक्ष के पद पर प्रिया मरमट को मनोनीत किया गया। इसके साथ ही संघ की जिला शाखा के पूर्व कोषाध्यक्ष हरीश गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि संघ की स्थापना के 45 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रविन्द्र भवन में भव्य स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित होना है। इस आयोजन में उज्जैन जिले से अधिक से अधिक साथियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर उपस्थित लिपिक साथियों ने अपनी सहमति प्रदान की। मुख्य अतिथि एम.एस. पटेल और एल.एन. गर्ग ने होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिलन समारोह जैसे आयोजनों से कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम का संचालन संभागीय अध्यक्ष निखिलेश गौड़ ने किया और आभार प्रदर्शन महिला विंग अध्यक्ष उज्जवला गज्जर द्वारा किया गया।



