लिपिक कर्मचारियों का होली मिलन समारोह आज, स्वर्ण जयंती आयोजन की बनेगी रूपरेखा
कोठी महल परिसर में होगा आयोजन, नव-मनोनीत प्रांतीय पदाधिकारियों का होगा सम्मान
उज्जैन। म.प्र. लिपिकवर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ उज्जैन द्वारा संयुक्त नगरीय तहसील कार्यालय कोठी महल के परिसर में 6 मार्च को लिपिक कर्मचारियों का होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।
संघ के जिला शाखा अध्यक्ष चित्रेश वाघे ने बताया कि समारोह अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उज्जैन के अध्यक्ष एम.एस. पटेल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। लिपिक संघ के पूर्व कार्यकारी प्रांताध्यक्ष देवेन्द्र व्यास विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भोपाल में होने वाले स्वर्ण जयंती समारोह पर होगी चर्चा
संघ के जिला सचिव नवीन तेजनकर और सुनील चौहान ने बताया कि संघ की स्थापना के 45 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में एक भव्य स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया जाना है। आज के इस होली मिलन समारोह में भोपाल में होने वाले आयोजन में उज्जैन जिले से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के विषय पर चर्चा की जाएगी।
प्रांतीय पदाधिकारियों का होगा स्वागत
समारोह के दौरान संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी में उज्जैन जिले से मनोनीत किए गए प्रांतीय पदाधिकारियों आर.एस. मकवाना, जी.एम. जाटवा, प्रवीण जोशी और सतीश परमार का स्वागत भी किया जाएगा। संघ की महिला शाखा अध्यक्ष उज्जवला गज्जर, अनिता लढ़ा, प्रिया मरमट, लता शर्मा, रूपाली नागर और मोहिनी केवट ने सभी लिपिक साथियों से समारोह में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।



