पाठशाला

लोटि कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया अमूल फैक्ट्री का भ्रमणः जानी दूध से उत्पाद बनने और पैकेजिंग की पूरी प्रक्रिया

विक्रम उद्योगपुरी स्थित प्लांट में 60 विद्यार्थियों ने लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने शांत की जिज्ञासाएं

उज्जैन द्य लोकमान्य तिलक विज्ञान एवं वाणिज्य (लोटि) महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विक्रम उद्योगपुरी स्थित ’अमूल पंचामृत’ प्लांट में एक शैक्षणिक और औद्योगिक भ्रमण (इंडस्ट्रियल विजिट) का आयोजन किया गया। इस टूर में विभिन्न संकायों के द्वितीय और तृतीय वर्ष के 60 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
प्राचार्य डॉ. शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण, व्यावहारिक कार्यप्रणाली और नई तकनीकों से सीधे तौर पर रूबरू कराना था। विजिट के दौरान डेयरी के एचआर प्रबंधक गौरव रावत की अध्यक्षता में विशेषज्ञ टीम के सदस्य हार्दिक और प्रजापति ने विद्यार्थियों को उत्पादन, प्लांट संचालन, पैकेजिंग, मार्केटिंग, लागत और क्वालिटी कंट्रोल जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
लाइव देखी उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया
संयंत्र संचालन को करीब से समझने के लिए विद्यार्थियों को प्लांट के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया गया। यहां उन्होंने दूध की टेस्टिंग, पाश्चुरीकरण के साथ ही पनीर, घी, श्रीखंड, आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क (सुगंधित दूध) और अन्य डेयरी उत्पादों के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को लाइव देखा। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के जिज्ञासापूर्ण सवालों के संतोषजनक जवाब भी दिए।
इनकी रही उपस्थिति
इस सफल आयोजन पर लोकमान्य तिलक सांस्कृतिक न्यास के अध्यक्ष किशोर खंडेलवाल, सचिव विश्वनाथ सोमण और कार्यपालन अधिकारी गिरीश भालेराव ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस शैक्षणिक भ्रमण में विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. अक्षिता तिवारी, डॉ. अंजलि शाह, डॉ. शीतल कुमार शर्मा, डॉ. मीनल वनवट और डॉ. जया परिहार भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button