वर्ल्ड किडनी डे पर निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी शिविर में 105 मरीजों की जांच, कैंसर से बचाव को लेकर किया जागरूक
तेजनकर हॉस्पिटल, दीप ज्योति वेलफेयर सोसाइटी और शेल्बी हॉस्पिटल की संयुक्त पहल; मरीजों को दवाइयों और जांच में मिली विशेष छूट

उज्जैन। विश्व किडनी दिवस (वर्ल्ड किडनी डे) के अवसर पर शहरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तेजनकर हॉस्पिटल, दीप ज्योति वेलफेयर सोसाइटी और इंदौर के शेल्बी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में एक निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 105 मरीजों ने अपना पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया।
दीप ज्योति वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. दीपक जैन ने बताया कि शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीनियर हाई कोर्ट एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा, लायंस इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन संजय सक्सेना, बी.के. तेजनकर और शीतल तेजनकर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। स्त्री एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नियति जैन शाह और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस कुशवाहा ने मरीजों को सर्वाइकल कैंसर और मुख कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच (स्क्रीनिंग) की अहमियत के बारे में विस्तार से समझाया। वहीं, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकुर अग्रवाल, मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ डॉ. सावन अग्रवाल और किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित नरेडी ने संबंधित बीमारियों से जूझ रहे मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया।
शिविर में आए मरीजों को आवश्यक जांचों और दवाइयों पर विशेष छूट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अवसर पर दीप ज्योति संस्था के निदेशक डॉ. दीपक जैन ने शिविर में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सभी उपस्थित चिकित्सकों— डॉ. नियति जैन शाह, डॉ. प्रिंस कुशवाहा, डॉ. अंकुर अग्रवाल, डॉ. सावन अग्रवाल और डॉ. मोहित नरेडी का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।



