विज्ञान लोकतांत्रिक प्रणाली में विश्वास करता है : प्रो. ब्रजेश पारे
माधव कॉलेज में ’ग्लोबल वूमन ब्रेकफास्ट-2026’ पर सिंपोजियम आयोजित, धारणीय विकास पर ज़ोर

उज्जैन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय में ग्लोबल वूमन ब्रेकफास्ट-2026 दिवस के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी (सिंपोजियम) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विज्ञान के लोकतांत्रिक स्वरूप और महिला वैज्ञानिकों की भूमिका पर गहन चर्चा हुई।
मुख्य वक्ता शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष और प्रख्यात रसायन शास्त्री प्रो. ब्रजेश पारे ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि, “विज्ञान लोकतांत्रिक प्रणाली में विश्वास करता है। प्रयोगशाला में सब लोग अलग-अलग काम करते हैं, लेकिन सबका उद्देश्य समान होता है। आपसी संवाद और समन्वय से कार्य किया जाता है। विज्ञान इसलिए प्रगति कर रहा है क्योंकि इसमें विभिन्न आवाजों को महत्व दिया जाता है और सब लोग मानवता के कल्याण के लिए मिलकर काम करते हैं।“
प्राचार्या प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में ग्लोबल वूमन ब्रेकफास्ट की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत एक कॉफी हाउस में 7 महिला वैज्ञानिकों द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि हमें इतिहास से शिक्षा लेनी चाहिए और विज्ञान के संबंध में विश्व भर से जो आवाजें आ रही हैं, उन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि समस्याओं का समाधान करने के लिए पुरुष और महिला वैज्ञानिकों को मिलकर कार्य करना चाहिए।
रसायन विज्ञान विषय की विदुषी डॉ. प्रेरणा मनाना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास विनाश की कीमत पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वूमन ब्रेकफास्ट धारणीय विकास (ैनेजंपदंइसम क्मअमसवचउमदज) के लक्ष्य को सामने रखकर कार्य कर रहा है और रसायन विज्ञान ने कोविड के दौर में तथा फसल की उपज बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता की है।
सहायक प्राध्यापक डॉ. सरबजोत कौर ने कहा कि आज दुनिया भर के वैज्ञानिक इस बात के लिए जुड़े हैं कि विज्ञान का मानवता के लिए उपयोग कैसे करें। उन्होंने युवा महिला वैज्ञानिकों के प्रोत्साहन की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि एक अकेला दृष्टिकोण विश्व चुनौतियों का सामना नहीं कर सकता, इसलिए विविध आवाज़ों की बात हो रही है। उन्होंने प्रसिद्ध वैज्ञानिक मेरी क्यूरी के समर्पण का उदाहरण भी दिया।
कार्यक्रम का आयोजन माधव कॉलेज के विज्ञान संकाय एवं आंतरिक गुणवत्ता सेल द्वारा किया गया। संगोष्ठी का संयोजन प्रो. अजीता केलवा ने किया, संचालन डॉ. मनीष कुमार शर्मा ने किया और आभार प्रो. प्रमोद कुमार मालवीय ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. बी एस अखण्ड, छात्र संघ प्रभारी डॉ. जफर महमूद, डॉ. दिनेश जोशी, प्रो. सादिक मंसूरी, प्रो. दिनेश कुमार वर्मा, प्रो. धीरज सारोठिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।



