विदेशी ताकतों को सौंपा देश का डेटा’, मोदी सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, फूंका प्रधानमंत्री का पुतला
उज्जैन में युवा कांग्रेस सचिव रवि यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन; ट्रंप और अडानी के इशारे पर सरकार चलाने का लगाया आरोप

उज्जैन। हाल ही में दिल्ली में हुए ‘एआई समिट’ में देश का डेटा विदेशी ताकतों को सौंपने और पूंजीपतियों व विदेशी नेताओं के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए, उज्जैन में युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। यह उग्र प्रदर्शन उज्जैन जिला युवा कांग्रेस के सचिव रवि यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
‘ट्रंप और अडानी के आगे नतमस्तक है सरकार’
पुतला दहन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के एआई समिट में भारत का महत्वपूर्ण डेटा विदेशियों को दे दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सात समंदर पार बैठे डोनाल्ड ट्रंप दावा करते हैं कि वे प्रधानमंत्री से जो चाहें करा सकते हैं। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान में सरकार केवल डोनाल्ड ट्रंप और उद्योगपति गौतम अडानी के आगे नतमस्तक है। सरकार पूरी तरह से इनके कहने पर काम कर रही है, जिसके विरोध में यह पुतला दहन किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ और क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व युवा कांग्रेस सचिव नरेंद्र मालवीय, प्रदेश महासचिव अंकित यादव (विशु), प्रदेश सचिव अर्जुन नरवले, जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश शर्मा, महिदपुर विधानसभा अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह डोडिया, घट्टिया विधानसभा अध्यक्ष शेर सिंह चौहान और आंबेडकर ब्लॉक अध्यक्ष देव कपूर उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए युवा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर संगठन के चेतन पाटीदार, मुकुल घुरैया, यशवंत चौहान, राज उदयवाल, नीलेश मेहरा, लवेश परमार, अभिषेक भारद्वाज, स्वर शंकर, विनय मंडलोई, विजय केवड़ा और आदित्य ठाकुर सहित अन्य युवा कांग्रेसजन शामिल रहे।



