शंकु मार्ग: वर्षों बाद मिले पुराने पड़ोसी तो छलक आए खुशी के आंसू, होली मिलन में जीवंत हुईं यादें
फ्रीगंज के व्यावसायिक क्षेत्र में तब्दील हो चुके मोहल्ले के रहवासियों का दूसरा मिलन समारोह, 75 सदस्य हुए शामिल

उज्जैन। फ्रीगंज स्थित शंकु मार्ग के पुराने रहवासियों का द्वितीय होली मिलन समारोह पुरानी यादों और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। कभी पूरी तरह आवासीय रहा यह क्षेत्र अब व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है, लेकिन होली के बहाने यहाँ के पुराने वाशिंदे एक बार फिर एकजुट हुए। अल्प सूचना के बावजूद समारोह में करीब 75 सदस्य शामिल हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
बुजुर्ग हुए भावुक, साझा किए पुराने किस्से
समारोह के दौरान वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। वर्षों बाद अपने पुराने पड़ोसियों से मिलकर कई बुजुर्ग भावुक हो उठे। उपस्थित सदस्यों ने अतीत की यादें साझा करते हुए बताया कि उस दौर में शंकु मार्ग सिर्फ घरों का समूह नहीं, बल्कि एक वृहद परिवार था। घरों में औपचारिकताओं का बंधन नहीं था और विवाह या गमी के अवसरों पर पूरा मोहल्ला एक साथ खड़ा नजर आता था।
अगले वर्ष फिर मिलने का वादा
समय के साथ अलग-अलग कॉलोनियों में बस चुके परिवारों को पुनः जोड़ने का कार्य अरुण जैन, संजय गोधा और अरविंद जैन के प्रयासों से संभव हो सका। कार्यक्रम के समापन पर माहौल फिर गमगीन हो गया। नम आंखों और अगले वर्ष पुनः मिलने के वादे के साथ सभी ने एक-दूसरे से विदा ली।



