‘शाम-ए-सम्यक्’ में मुंबई के फिलासफी बैंड ने बांधा समां, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक् की द्वितीय साधारण सभा संपन्न
संगीतमय संध्या में श्रोता हुए भावविभोर, सिद्धवर कूट यात्रा के संघपतियों और सहयोगियों का हुआ सम्मान

उज्जैन। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक् की द्वितीय साधारण सभा देवास रोड स्थित सुमन गार्डन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। “शाम-ए-सम्यक्” के नाम से आयोजित इस विशेष संगीतमय संध्या ने साधारण सभा को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम में सुर, ताल और संगीत के बीच उत्साह और आत्मीयता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
सूफी और गज़लों पर झूमे श्रोता
कार्यक्रम में मुंबई से आए फिलासफी बैंड के गायक सिद्धार्थ द्विवेदी और उनकी टीम ने सूफी, शास्त्रीय, ग़ज़ल और आधुनिक गीतों की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर और प्रभावशाली आवाज़ ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया, जिससे उपस्थित सभी सदस्य कार्यक्रम के अंत तक झूमते रहे। संगीतमय संध्या के साथ-साथ सदस्यों ने सुस्वादु फरियाली व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। स्नेह और संस्कारों से सजी इस शाम ने दंपति सदस्यों को आपसी संवाद का सुंदर अवसर प्रदान किया।
आयोजकों और सहयोगियों का हुआ सम्मान
ग्रुप अध्यक्ष नीरज मेघना सोगानी ने आयोजन की सफलता का श्रेय संयोजक मंडल को दिया। उन्होंने बताया कि यशी अनुभव जैन, एकता डॉ. सौरभ जैन, सोनाली डॉ. नितिन जैन, सुरभि यशवर्धन जैन, नेहा सुधीर गोधा, सुचिता प्रतीक बोहरा, श्रद्धा आयुष जैन और दामिनी अमन गोधा ने सूक्ष्म योजना और परिश्रम के साथ कार्यक्रम को उत्कृष्ट रूप प्रदान किया।
ग्रुप सचिव गौरव नीतू लुहाड़िया और कोषाध्यक्ष आयुष वर्तिका कासलीवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान शपथ ग्रहण कार्यक्रम के संयोजकों, निशुल्क सिद्धवर कूट यात्रा के संघपति, संयोजकों और आर्थिक सहयोगकर्ताओं का सम्मान कर उन्हें अभिनंदित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सम्यक् ग्रुप के परम संरक्षक तेजकुमार विनायका की माता शांति बाई विनायका के देहावसान पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


