शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में लगा विधिक जागरूकता एवं कैरियर मार्गदर्शन शिविर
800 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल, विद्यार्थियों को दी मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी

उज्जैन। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पी.सी. गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिरण के सचिव मनोज कुमार भाटी के कुशल नेतृत्व में, शासकीय उत्कृष्ट उ. मा. विद्यालय माधव नगर में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर तथा कैरियर मार्गदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमे 800 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती दिव्यानी सिंह सिविल न्यायाधीश, जे एम एफ सी उज्जैन, अरुण व्यास, ब्लॉक समन्वयक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, रितु शर्मा शुक्ला डायरेक्टर नृत्यसिद्धा कला अकादमी एवं अवनि श्री जनकल्याण की अध्यक्ष प्रियंका यश जोशी उपस्थित थी। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात प्राचार्य विभा शर्मा द्वारा अतिथि परिचय दिया गया। उसके पश्चात मुख्य वक्ता के रूप में न्यायाधीश श्रीमती दिव्यानी सिंह ने विद्यार्थियों को अपने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने शिक्षा का अधिकार बालकों का मौलिक अधिकार बताते हुए कहा कि इसमें शिक्षकों की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे और स्कूलों में बेहतर माहौल के मापदंड तय किए गए हैं। उसके पश्चात रितु शर्मा शुक्ला ने बच्चों को करियर काउंसलिंग विषय को रोचक ढंग से प्रस्तुत कर विषय चुनाव की जानकारी दी साथ ही अपनी प्रतिभा को निखारने के लिये प्रेरित किया। उसके पश्चात अरुण व्यास द्वारा बताया गया कि हम 500 से अधिक क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं साथ ही समाज कार्य विधिक आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट संभावनाएं हैं। अंत में पीएलवी प्रियंका जोशी द्वारा बच्चों को बाल अधिकार संरक्षण कानून एवं पोक्सो एक्ट को विस्तृत में समझाया गया। कार्यक्रम का आभार संतोषी जोशी द्वारा माना गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक गौतम दीक्षित द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय परिवार से शिक्षक सोनम त्रिवेदी, रुक्मणि भदौरिया, अलका बरमोटा, विजय शाक्यवर आदि उपस्थित थे।



