लोकल गपशप

शासकीय संस्कृत महाविद्यालय के रासेयो के विशेष इकाई शिविर का हुआ उद्घाटन 

राष्ट्रीय सेवा योजना समाज से जुड़ने का सशक्त माध्यम

उज्जैन। शासकीय संस्कृत महाविद्यालय, उज्जैन के राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष इकाई शिविर का मंगलवार को गोद ग्राम – चिंतामन जवासिया में उद्घाटन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के रासेयो समन्वयक डॉ. शेखर मैदमवार थे उन्होंने शिविरार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने उपस्थितजनों को शिविर की सफलता के लिये अपनी शुभकामनाएँ भी दीं। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक डॉ. रमण सोलंकी ने कहा कि भारतीय ज्ञान-परम्परा को जानने के लिये प्राचीन लिपियों और संस्कृत का ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने विगत वर्षों में महाविद्यालय द्वारा आयोजित विशेष इकाई शिविर में हासामपुरा क्षेत्र में खोजी गई एक हजार वर्ष पुरानी बावड़ी को महाविद्यालय की रासेयो इकाई की विशेष उपलब्धि बताया।
विशिष्ट अतिथि डॉ.पीयूष त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सीमा शर्मा ने की। कार्यक्रम का संचालन दलनायक वेंकटेश अग्निहोत्री ने किया और आभार श्री हनुमंत गुरुकुल संस्कृत शिक्षण संस्थान के आचार्य पं. विशाल शर्मा ने माना। इस अवसर पर महाविद्यालय का सम्पूर्ण स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के सम्बन्ध में जानकारी रासेयो इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रेयस कोरान्ने ने दी।

Related Articles

Back to top button