धर्म-कर्म

शेगांव में 31 मार्च से अंतरराष्ट्रीय हिमालयीय समर्पण ध्यानयोग शिविर का आयोजन

सद्गुरु श्री शिवकृपानंद स्वामीजी के प्रत्यक्ष सानिध्य में होगा निःशुल्क शिविर, 72 से अधिक देशों में है ध्यानयोग का प्रसार

उज्जैन। श्री शिवकृपानंद स्वामी फाउंडेशन तथा आयुष मंत्रालय द्वारा समर्थित संत गजानन महाराज की पावन नगरी शेगांव में अंतरराष्ट्रीय हिमालयीय समर्पण ध्यानयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 31 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से शेगांव के स्व. गजानन दादा पाटील मार्केट यार्ड स्थित कॉटन मार्केट मैदान में सद्गुरु श्री शिवकृपानंद स्वामीजी की उपस्थिति में पूर्णतः निःशुल्क आयोजित होगा।
उज्जैन समर्पण ध्यान सेंटर द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार सद्गुरु श्री शिवकृपानंद स्वामीजी एक आत्मसाक्षात्कार प्राप्त ऋषि तथा हिमालयीय समर्पण ध्यानयोग के प्रणेता हैं। सद्गुरु श्री गजानन महाराज का शेगांव स्थित समाधि स्थल स्वामीजी का प्रेरणास्रोत है। गजानन महाराज की कृपा और प्रेरणा से ही स्वामीजी हिमालय गए तथा वहां उन्हें आत्मज्ञान की प्राप्ति हुई। स्वामीजी ने हिमालय में 16 वर्ष कठोर ध्यान साधना कर 800 वर्ष पुरानी प्राचीन समर्पण ध्यानयोग परंपरा को समाज में पुनः प्रतिष्ठापित किया है।
आज इस ध्यानयोग का प्रसार विश्व के 72 से अधिक देशों में हो चुका है। उनके इस वैश्विक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें वर्ल्ड मेडिटेशन फाउंडेशन की विश्व मेडिटेशन एक्सपर्ट कमेटी में नियुक्त किया गया है।
ध्यान का अर्थ वर्तमान में जीना है। प्रत्येक व्यक्ति का अपना एक आभामंडल होता है, जिसे ध्यान के माध्यम से विकसित किया जा सकता है। विश्व में हो रही घटनाओं की समग्र स्थिति को देखते हुए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का विचार स्थापित करना समय की आवश्यकता है।
आज की भागदौड़ भरी और प्रतिस्पर्धात्मक जिंदगी में बढ़ते तनाव को प्रबंधित करने के लिए इस ध्यानयोग शिविर का असाधारण महत्व है। उज्जैन समर्पण ध्यान सेंटर ने दुखी-पीड़ित व्यक्तियों और अधिक से अधिक साधकों से आत्मिक शांति एवं आनंद की अनुभूति प्राप्त करने के लिए इस शिविर में उपस्थित रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button