धर्म-कर्म

श्री गजानन महाराज प्रकट दिन के साथ मनाया श्री रामदास नवमी का उत्सव

पांच दिनों तक हुई काकड़ आरती, विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ

महाप्रसाद के साथ समापन, हजारों भक्तों ने लिया लाभ
उज्जैन। श्री भागवत धर्म सेवा न्यास द्वारा संचालित श्री गजानन महाराज मंदिर में महाराज जी का प्रकट दिन और श्री रामदास नवमी का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पांच दिनों तक चले इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन महाप्रसाद के साथ हुआ।
न्यास के अध्यक्ष डॉ. मुकुंद गोखले एवं सचिव हर्षवर्धन गोरे ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज रही। पांचों दिन प्रातः काकड़ आरती और महाआरती का आयोजन किया गया, वहीं शाम को विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ हुआ।
इस उत्सव का मुख्य आकर्षण पुणे (महाराष्ट्र) से विशेष रूप से पधारीं हरि भक्त परायण श्रेया बडवे द्वारा प्रस्तुत कीर्तन रहा, जिन्होंने अपनी मधुर वाणी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव के अंतिम दिन महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर प्रसादी ग्रहण की और पुण्य लाभ कमाया।

Related Articles

Back to top button