श्री चिड़ार समाज क्रिकेट प्रतियोगिता में टीम ‘आनंद’ ने जीता फाइनल
आनंद बरहा बने ‘मैन ऑफ द मैच’, राहुल आठिया के शानदार कैच ने पलटा मैच का रुख

उज्जैन। श्री चिड़ार समाज द्वारा आयोजित 10-10 ओवर की क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले में टीम ‘आनंद’ ने शानदार जीत दर्ज की। फाईनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ‘आनंद’ ने निर्धारित ओवरों में 74 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम ‘प्रेम’ कड़े संघर्ष के बावजूद 61 रनों पर ही सिमट गई।
आनंद बरहा की कप्तानी पारी
प्रतियोगिता संयोजक सन्नी गोइया ने बताया कि पहले मैच में बल्लेबाजी करने उतरी आनंद बरहा की टीम ने कप्तान की शानदार पारी की बदौलत मजबूत स्कोर खड़ा किया। आनंद बरहा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 36 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। हालांकि, फाईनल मुकाबले में नारायण आठिया ने एक बेहद मुश्किल कैच लपककर आनंद की पारी का अंत किया। इस शानदार कैच को पकड़ने के प्रयास में नारायण के पैरों में चोट भी आई।
राहुल के कैच से पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेमनारायण बरहा की टीम की शुरुआत संघर्षपूर्ण रही। मैच के दौरान रनों की बौछार कर रहे खतरनाक बल्लेबाज देव कुमार को राहुल आठिया ने एक बेहतरीन कैच लपककर पवेलियन का रास्ता दिखाया। राहुल के इस शानदार कैच ने मैच का रुख पूरी तरह से विजेता टीम की ओर मोड़ दिया। गेंदबाजी में शैलेन्द्र हनुमंतैया ने अपनी घातक गेंदों से प्रभाव छोड़ते हुए सर्वाधिक विकेट चटकाए।
लड़ाकू पारी के बावजूद नहीं मिली जीत
प्रेमनारायण बरहा की टीम की ओर से कान्हा गहलोत ने सर्वाधिक रनों का योगदान दिया। इसके अलावा देव, मोहन चंदेल ने मैच को पकड़ कर रखा। शैलेन्द्र हनुमंतैया, दीपक गहलोत और रवि आठिया के साथ ही कप्तान प्रेमनारायण बरहा ने भी अपने बल्ले का कमाल दिखाया। टीम में पवन गहलोत, नारायण आठिया और उदय आठिया भी शामिल थे। मोहन चंदेल, कान्हा गहलोत और देव ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन वे अपनी टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके और टीम कुल 61 रन ही बना सकी।
विजेता टीम के खिलाड़ी
आनंद बरहा के नेतृत्व वाली विजेता टीम में दीपक गोईया, सचिन मगरे, कृष्णकुमार चंदेल, संदीप हनुमंतैया, अनिल आठिया, राहुल आठिया, कमलेश धंधेरे, चंदन चंदेल, हरिकिशन चंदेल, राघव आठिया और ऋतिक आठिया ने शानदार खेल भावना का परिचय देते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। क्रिकेट प्रतियोगिता में विजयी रही टीम को समाज संरक्षक रहे स्व. श्री रामेश्वर गोइयाजी की स्मृति में नगद पुरस्कार भेंट कर समाज संरक्षक पुरषोत्तम मगरे, पूर्व अध्यक्ष भगवानदास ब्राह्मनिया, प्रभुसिंह चित्तौड़िया, समाज के वरिष्ठ हरिशचंद्र आठिया, प्रदीप गोईया, शिवदयाल बेलिया, द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में समस्त समाजजनो का आभार मूलचंद सोनी ने माना।



