श्री चित्रगुप्त धाम में 51 बटुकों के साथ हुई महाआरती, उल्लास से मनी भाई दूज
बहनों ने भाइयों को तिलक लगा मांगी लंबी उम्र की प्रार्थना, भगवान चित्रगुप्त को अर्पित किया गुलाल

उज्जैन। चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया यानी होली भाई दूज के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य स्थल श्री चित्रगुप्त धाम अंकपात में महाआरती का भव्य आयोजन किया गया।
मीडिया प्रभारी मंगेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस पावन अवसर पर 51 बटुकों के साथ भगवान चित्रगुप्त की महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री चित्रगुप्त धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय मंत्री अमित श्रीवास्तव के आतिथ्य में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
महाआरती के दौरान मंदिर परिसर भगवान चित्रगुप्त के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर भगवान चित्रगुप्त के आंगन में उनकी लंबी उम्र की कामना की। आरती के पश्चात सभी ने भगवान चित्रगुप्त को गुलाल और अबीर अर्पित किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को भी रंग लगाकर भाई दूज की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन में मुख्य रूप से युधिष्ठिर कुलश्रेष्ठ, गणेश गौड़, ब्रजेश श्रीवास्तव, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, चंद्रशेखर श्रीवास्तव, मंगेश श्रीवास्तव, नरेश श्रीवास्तव, मदन गोपाल श्रीवास्तव, पल्लवी श्रीवास्तव, पिंकी निगम, अनिता निगम, मोनिका श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव, सुनील कुलश्रेष्ठ, अजय निगम, गोपाल सक्सेना के साथ प्रियांश श्रीवास्तव और शिव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
समिति द्वारा सभी भक्तों का स्वागत किया गया। अंत में सभी ने भगवान चित्रगुप्त से प्राणी मात्र के कल्याण और उज्जैन नगरी की खुशहाली की प्रार्थना की।


