धर्म-कर्म

श्री प्रकटेश्वर महादेव बनेंगे दूल्हा; मंदिर प्रांगण में उगे रुद्राक्षों और मेवों से सजेगा अद्भुत सेहरा

प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में 7 क्विंटल ठंडाई और 5 क्विंटल फलाहार का होगा वितरण, रबड़ी-कलाकंद का लगेगा भोग

महाशिवरात्रि पर अनूठी परंपरा, अपने ही आंगन के रुद्राक्ष धारण करेंगे बाबा प्रकटेश्वर; शाम को होंगे सेहरा दर्शन
उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि 2026 के पावन पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। फ्रीगंज स्थित श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में इस बार बाबा का श्रृंगार और उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्री शिव विष्णु समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में भगवान शिव को दूल्हे के रूप में सजाया जाएगा।
मंदिर के रुद्राक्षों से सजेगा सेहरा
इस वर्ष बाबा के श्रृंगार की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि उनका सेहरा मंदिर परिसर में ही लगे वृक्ष के रुद्राक्षों से तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स) और सुगंधित फूलों का उपयोग कर भव्य सेहरा सजाया जाएगा। संध्या समय भक्तों को बाबा के इस दिव्य सेहरे के दर्शन होंगे और विशेष रूप से रबड़ी-कलाकंद का भोग लगाया जाएगा।
12 बजे से बटेगी 7 क्विंटल ठंडाई
मंदिर के पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के दिन दोपहर 12 बजे से ही प्रसादी वितरण शुरू हो जाएगा। फ्रीगंज के रहवासियों और भक्तों के जनसहयोग से तैयार 7 क्विंटल ठंडाई का भोग लगाकर वितरण किया जाएगा।
शाम को 5 क्विंटल फलाहार का भंडारा
संध्या आरती के पश्चात विशाल फलाहार वितरण का आयोजन होगा। पुजारी परिवार की ओर से श्री शिव विष्णु समिति के माध्यम से ढाई क्विंटल फलाहारी खिचड़ी और जनसहयोग से ढाई क्विंटल खीर का वितरण किया जाएगा।
समिति ने बताया कि पूरा आयोजन व्यापक जनसहयोग और धूमधाम से संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button