श्री मायापति हनुमान मंदिर में 28 मार्च से मनेगा 6 दिवसीय जन्मोत्सव, निकलेगी कलश यात्रा
सुंदरकांड पाठ और तुलादान महोत्सव, होगा अखंड रामायण पाठ और विशाल भंडारा

उज्जैन। आगर रोड, सामाजिक न्याय परिसर (चरक भवन के सामने) स्थित श्री मायापति हनुमान मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री मायापति हनुमान मंदिर परिवार द्वारा 28 मार्च से 2 अप्रैल तक छह दिवसीय विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च से होगी। 28 से 30 मार्च तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्री गिरीश शर्मा के मुखारविंद से श्री रामचरितमानस सुंदरकांड पाठ एवं व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ 29 और 30 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंदिर परिसर में तुलादान महोत्सव संपन्न होगा।
निकलेगी भव्य कलश यात्रा, होगा गंगा माता पूजन
31 मार्च को सामूहिक श्री गंगा माता पूजन का विशेष आयोजन रखा गया है। इस अवसर पर सुबह क्षीरसागर मानस भवन से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों बहादुरगंज, मालीपुरा, देवास गेट और चामुंडा माता चौराहा से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा के समापन के पश्चात सामूहिक रूप से श्री गंगा माता पूजन किया जाएगा।
1 अप्रैल को सुबह 9 बजे से श्री रामचरितमानस अखंड रामायण पाठ शुरू होगा। इसी दिन रात्रि में बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के मुख्य पर्व पर सुबह 9 बजे हवन होगा। शाम 7 बजे महाआरती और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
मंदिर के पुजारी गणेश राय ने बताया कि जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजक मंडल ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इन छह दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।



