सेहतनामा

संकल्प से समाधान’ अभियानः बड़नगर ब्लॉक में आयोजित होंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

हृदय और कैंसर जैसे रोगों की होगी जांच

उज्जैन। ’संकल्प से समाधान अभियान’ के तहत लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बड़नगर ब्लॉक के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन शिविरों में हृदय रोग, नेत्र रोग और ब्रेस्ट कैंसर का परीक्षण किया जाएगा, साथ ही मौके पर आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी बनाई जाएगी।
बीईई दिनेश कुमार पंचोली व हेल्थ सुपरवाइजर मो. रफीक मंसूरी ने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उपलब्धियों भरे ऐतिहासिक दो वर्ष के उपलक्ष्य में विधायक जितेंद्र सिंह पंड्या के नेतृत्व में, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल के दिशा-निर्देश पर और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजेंद्र सिंह अजनार के मार्गदर्शन में इन शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। ग्रामीण जनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लॉक के अलग-अलग गांवों में शिविर लगाए जाएंगे।
हेल्थ सुपरवाइजर एम आर मंसूरी एवं नारायण शर्मा के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया में अभियान की सफलता को लेकर बड़नगर ब्लॉक के समस्त सेक्टर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे इन शिविरों के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
विधानसभा संयोजक विराग मिश्रा और शांतिलाल गोखरू के समन्वय में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 फरवरी को सिविल हॉस्पिटल, बड़नगर में शिविर लगेगा जिसके संयोजक लोकेन्द्र सिंह पंवार होंगे। 17 फरवरी को चामुंडा माता मंदिर गजनिखेड़ी, रूनिजा में लगेगा जिसके संयोजक सुनील यादव रहेंगे। 18 फरवरी को सरस्वती शिशु मंदिर, पीपलू संयोजक राजेन्द्र नागर, दशरथ जायसवाल, 21 फरवरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भाटपचलाना संयोजक हुकुमचंद चौधरी, भेरूलाल, 28 फरवरी को आनंदीलाल का मकान, बंग्रेड संयोजक मुन्ना नागर, 9 मार्च सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंगोरिया संयोजक गणपत सिंह, विक्रम सिंह डाईजी, 13 मार्च को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खरसोदकलां संयोजक पंकज बारिया रहेंगे। वहीं जहांगीरपुर पंचायत भवन में शासकीय आयुर्वेदिक हॉस्पिटल संयोजकः इन्द्रपाल पंड्या रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी नजदीकी स्वास्थ्य संस्था पर पहुंचकर इन निःशुल्क शिविरों का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button