संत शिरोमणि सुंदरदास जी महाराज के 430वें जन्मोत्सव पर निकलेगा भव्य ध्वज चल समारोह
खंडेलवाल वैश्य पंचायत निकालेगी निशान यात्रा, समाजसेवियों को मिलेगा 'समाज रत्न' सम्मान

शाम 6 बजे पंचायत भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा समारोह
उज्जैन। खंडेलवाल वैश्य पंचायत उज्जैन द्वारा चैत्र शुक्ल नवमी के अवसर पर संत शिरोमणि 1008 श्री सुंदरदास जी महाराज के 430वें जन्मोत्सव पर भव्य चल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार 27 मार्च को शाम 6 बजे से पंचायत भवन से पारंपरिक निशान ध्वज चल समारोह निकाला जाएगा। इस अवसर पर समाज के विशिष्ट जनों को ‘समाज रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
पूजन के बाद शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार शाम 6 बजे बुधवारिया स्थित खंडेलवाल वैश्य पंचायत भवन पर पारंपरिक निशान पूजन और ध्वजा स्थापना के साथ होगी। इसके पश्चात ठाकुर जी एवं संत श्री की आरती की जाएगी। बैंड-बाजों और भजनों की प्रस्तुति के बीच बग्गी में संत श्री की तस्वीर विराजित कर समारोह की शुरुआत होगी। ढोल और निशान ध्वज के साथ यह यात्रा बुधवारिया स्थित भवन से प्रारंभ होकर गीता कॉलोनी चौराहा, निकास चौराहा, तेलीवाड़ा चौराहा और गोंदा चौकी होते हुए पुनः पंचायत भवन पहुंचेगी। इस समारोह में समाज की महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
मुख्य अतिथि करेंगे समाजसेवियों का सम्मान
चल समारोह के पंचायत भवन वापस लौटने पर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि मनीष खंडेलवाल बाजरगान परिवार आगर वाले की उपस्थिति में समाज के वरिष्ठ एवं विशिष्ट समाजसेवियों को उनके जीवनपर्यंत सामाजिक योगदान के लिए ‘समाज रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने की अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील
खंडेलवाल वैश्य पंचायत के संरक्षक सिद्धेश्वर दास, अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल, सचिव अनिल सामरिया, कोषाध्यक्ष गुलशन नाटाणी, उपाध्यक्ष राजेंद्र झालानी, सहसचिव मनीष खंडेलवाल, समन्वयक राजेंद्र सोखिया, उत्सव प्रभारी देवेन्द्र जंघिनिया, भवन व्यवस्था प्रभारी मनीष मेहरवाल, मीडिया प्रभारी अर्पित गुप्ता और कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र गुप्ता व अनिल गुप्ता ने समाजजनों से इस आयोजन में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है। इसके साथ ही मनोनीत सदस्य संध्या बैवाल, डिंपल रावत, गुंजन झालानी, सुनील झालानी, प्रवीण खंडेलवाल, सुशील समरिया, प्रदीप डंगायच, दिलीप पाटोदिया, नीरज बड़ेरा एवं शुभम सामरिया ने भी चल समारोह में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।



