संदीप सृजन ‘जैन पत्रकार परिषद अवार्ड’ से सम्मानित
शंकराचार्य मठ में हुआ समारोह, इंटरनेट पत्रकारिता और साहित्य में उल्लेखनीय योगदान का हुआ बहुमान

उज्जैन। युवा पत्रकार एवं कवि संदीप सृजन को उनकी उल्लेखनीय पत्रकारिता के लिए सामाजिक संस्था जैन पत्रकार परिषद ने अवार्ड देकर सम्मानित किया है। शंकराचार्य मठ में रविवार 29 मार्च को आचार्य विश्वरत्नसागरसूरी म. सा. और मुनि तीर्थरत्नसागर म. सा. के सानिध्य में अवार्ड समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आयोजन के लाभार्थी राजस्थान निवासी शा. बाबुलाल धनराज डोडिया गांधी परिवार की ओर से समाजसेवी संजय नाहर और जैन पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक दुग्गड ने संदीप सृजन को रजत सिक्का और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बीस वर्षों से साहित्यिक पत्रकारिता में हैं सक्रिय
मप्र लेखक संघ उज्जैन के सचिव डॉ. हरीशकुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संदीप सृजन विगत बीस वर्षों से साहित्यिक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में इंटरनेट पत्रकारिता व नेट ब्लॉगिंग के लिए उन्हें मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का अखिल भारतीय नारदमुनि पुरस्कार तथा हिंदी-मालवी बोली में लेखन के लिए मध्यप्रदेश लेखक संघ का डॉ. देवेन्द्र जोशी स्मृति सम्मान सहित कई अन्य सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
देश-विदेश के हजारों साहित्यकारों को दिया मंच
संदीप सृजन के संपादन में वर्तमान में ‘शब्द प्रवाह’ ऑनलाइन पोर्टल और ‘शाश्वत सृजन’ साहित्यिक पत्र का प्रकाशन किया जा रहा है, जिसमें अब तक देश-विदेश के हजारों साहित्यकारों और कवियों की रचनाएं प्रकाशित की जा चुकी हैं। संपादन के साथ-साथ वे लेखन के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। उनके लेख और रचनाएं देश-विदेश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहते हैं।



