समाज को दिशा प्रदान कर रही है भारतीय महिला दार्शनिक परिषद: डॉ. एच.एल. अनिजवाल
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस माधव महाविद्यालय में 16वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य उद्घाटन, महिला दार्शनिकों ने किया वैचारिक मंथन

उज्जैन: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय में भारतीय महिला दार्शनिक परिषद के 16वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल ने कहा कि भारतीय महिला दार्शनिक परिषद समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है। उन्होंने देश भर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस शोधपरक और रचनात्मक अधिवेशन में दर्शन के मूलभूत प्रश्नों पर वैचारिक मंथन होगा, जिसके निष्कर्ष निश्चित रूप से समाज का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह के कुशल नेतृत्व में संस्था द्वारा की जा रही निरंतर प्रगति की भी सराहना की।
महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा: मिला ‘नया आकाश’
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर यह आयोजन होना बेहद सुखद है। आज माधव महाविद्यालय में आधी आबादी अपना पूर्ण योगदान दे रही है और देश में चल रही महिला सशक्तिकरण की मुहिम यहाँ साकार हो रही है, जिसकी प्रतीक हमारे बीच उपस्थित महिला दार्शनिक हैं। परिषद की अध्यक्ष डॉ. राजकुमारी सिन्हा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बौद्धिक प्रतिभा में निखार आता है। यह महिलाओं का, महिलाओं के लिए और महिलाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से हम उन्हें एक नया आकाश देना चाहते हैं।
सारस्वत अतिथि डॉ. जटाशंकर तिवारी ने महाकाल की नगरी में आयोजित इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने पर असीम आनंद व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. पूजा व्यास, डॉ. विनीता अवस्थी, डॉ. शोभा निगम और डॉ. आभा होलकर ने भी अपने सार्थक विचार साझा किए।
पुस्तकों का विमोचन एवं सम्मान समारोह
समारोह का शुभारंभ प्रो. शशिकला यादव द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। आयोजन समिति की सचिव डॉ. शोभा मिश्र ने प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह के साथ मिलकर आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. शोभा मिश्र ने स्वागत भाषण के साथ अपनी स्वरचित कविता भी प्रस्तुत की। इस गरिमामय अवसर पर दर्शनशास्त्र की प्राध्यापक व विदुषी डॉ. मृणालिनी फडणवीस, डॉ. शोभा निगम, डॉ. शशिकला यादव और डॉ. आभा होलकर की पुस्तकों का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। साथ ही, दृष्टि प्रबोधन केन्द्र नागपुर की डॉ. अरुणा सारस्वत को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया, जबकि डॉ. वीरबाला छाजेड़ ने अतिथियों को अपनी पुस्तक भेंट की।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जफर महमूद ने किया तथा आभार प्रो. विनीता अवस्थी ने माना। इस अवसर पर दर्शन विभाग की प्रो. ज्योति गोयल, प्रो. महेन्द्र सिंह, प्रो. किरण बंडेरिया सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के पश्चात आयोजित तकनीकी सत्रों में शोधार्थियों द्वारा अपने शोध पत्रों का वाचन किया गया।



