पाठशाला

सरस्वती विद्या मंदिर संस्कृति भवन में नवीन कक्ष निर्माण का भूमि पूजन 

विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण; वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ

उज्जैन। ऋषि नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय (संस्कृति भवन) परिसर में सोमवार को नवीन कक्षाओं के निर्माण हेतु विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ इस नए निर्माण कार्य का मंगल शुभारंभ हुआ।

इस पुनीत अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री (मालवा प्रांत) अखिलेश मिश्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (मालवा प्रांत) के सह प्रांत कार्यवाह रघुवीर सिंह सिसोदिया और प्रांत सहसचिव अनुराग जैन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रकाश गुप्त, उपाध्यक्ष कल्पना शर्मा, सहसचिव अभिलाष जैन और समिति सदस्य ओमप्रकाश गर्ग ने विशेष रूप से सहभागिता की। इनके अतिरिक्त संस्कृति भवन के प्राचार्य भगवान सिंह ठाकुर, संस्कार भवन के प्रधानाचार्य राधेश्याम शर्मा, मक्सी मार्ग शाखा की प्रधानाचार्य हर्षा शर्मा, सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्य एकता इंग्ले सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण मौजूद रहे।

विद्यालय के प्रगति कार्यों की हुई सराहना

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन कक्षाओं के निर्माण से विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे विद्यार्थियों को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में हो रहे निरंतर विकास कार्यों और संस्था की प्रगति की मुक्त कंठ से सराहना की। आयोजन के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की निरंतर उन्नति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button